सड़क की मांग को लेकर हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल के मुख्य प्रशासक से मिले ग्रामीण
ग्रामीणों ने कहा सड़क टूटने से आए दिन होते हैं हादसे
भास्कर न्यूज | हिसार
गंगवा गांव से आर्य नगर सड़क को दोबारा बनाने के लिए बजट देने में हो रही देरी तथा सड़क से पोल को हटवाने के लिए ग्रामीणों ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल के मुख्य प्रशासक से मुलाकात की। हलका नलवा के युवा कांग्रेस नेता मनोज टाक के नेतृत्व में पंचकूला में मुख्य प्रशासक को ग्रामीणों ने सड़क शीघ्र बनवाने के लिए ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने मांग की कि गंगवा गांव से आर्य नगर सड़क का कार्य हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल के अधीन आता है। इस सड़क की हालत पिछले चार साल से जर्जर है और सड़क की हालत खस्ता हो चुकी है।
ग्रामीणों ने मुख्य प्रशासन को गंगवा से आर्यनगर, गंगवा से कैमरी रोड, कैमरी से डाबड़ा रोड, हिंदवान के लिंक रोड आदि नलवा हलके के दर्जनभर सड़कों की हालत से अवगत करवाया और बजट जल्दी पास करने की मांग की। ग्रामीणों व मनोज टाक ने कहा कि रोड पिछले कई साल से बिल्कुल खराब हो चुके हैं पर प्रशासन और सरकार ने इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीण और बहुत बार डीसी से तथा मार्केट कमेटी के एक्सईएन से मिल चुके हैं और हर बार केवल आश्वासन दिए गए तथा हर रोज टूटे रोड की वजह से दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने सड़क के ऊपर लगाए गए बिजली के खंभे भी हटाने के लिए मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि 2 अप्रैल को मार्केट कमेटी में लोग पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि पंचकूला से ही फाइल पास नहीं हो रही है। जिसके बाद प्रशासक से मिले। इस दौरान विकास वर्मा, जतिन नोखवाल, सुमित नोखवाल, शुभम कुमार, योगेश भाटिया, रमेश टाक, पंच निहाल सिंह, राहुल प्रजापति, हिमांशु वर्मा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।