शराब ठेकेदार व उसके कारिंदों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग
हिसार | गांव खान बहादुर में दुकानदार का अपहरण व हत्या के मामले में इनेलो ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। विधायक रणबीर सिंह गंगवा व बरवाला के विधायक वेद नारंग ने यहां जारी बयान में कहा कि ग्रामीणों के आंदोलन काे पूरा समर्थन रहेगा। विधायक गंगवा ने कहा कि जिस तरीके से शराब ठेकेदार व उसके कारिंदे एक आदमी को उठाकर ले जाते हैं और अधमरा करके वापस छोड़कर जाते हैं, इससे साफ जाहिर होता है कि कानून नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपी ठेकेदार व उसके कारिंदे को तुरंत गिरफ्तार करके सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। मृतक के परिजनों को रोजगार व सुरक्षा दी जाए तथा शराब ठेके को गांव से बाहर किया जाए। चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की तो गांव के लोग और आस पास के ग्रामीण कोई भी बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर उनके साथ इनेलो प्रदेश उपाध्यक्ष सतबीर वर्मा, जोगीराम, पूर्व सरपंच बारूराम तथा देशराज मास्टर आदि मौजूद थे।