मय्यड़ में घर में अकेले सो रहे युवक की हत्या
गांव मय्यड़ में 38 वर्षीय व्यक्ति संजय की रात को सोते वक्त सिर में चोट मारकर किसी ने हत्या कर दी। सिर में गहरी चोट के निशान मिले हैं। वारदात के बारे में परिवार को सुबह पता चला जब छोटा भाई अशोक भाई को चाय पीने के लिए दूसरे घर से बुलाने के लिए गया। मौके पर जाकर देखा तो बेड पर ही खून से सना शव पड़ा था। मामले की सूचना उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया है। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस को दिए बयान में पिता ने बताया कि उसका बड़ा बेटा संजय परिवार से अलग दूसरे मकान में रहता है। संजय की प|ी पिछले 10-12 दिन पहले अपने मायके चली गई थी। बेटा घर में अकेला था। रात को वह मां के पास खाना खाने आया करीब 9 बजे वापस जाकर अपने मकान पर सो गया। हर रोज वह सुबह चाय पीने के लिए भी मां के पास आ जाता था। जब मंगलवार सुबह वह घर पर नहीं आया तो छोटा बेटा अशोक उसे बुलाने के लिए गया। जब अशोक पहुंचा तो संजय का शव बेड पर ही खून से लथपथ पड़ा था। सिर में चोट लगी थी।
पिता बोले: पहले छोटे बेटे पर भी किया था हमला
पुलिस को दिए बयान में पिता सुरजीत ने बताया कि करीब 7-8 महीने पहले उसके छोटे बेटे अशोक पर भी हमला हुआ था। आज तक ये भी नहीं पता चल पाया है कि आखिर हमलावर कौन थे। पिता ने पुलिस को बताया है कि उनकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है फिर मर्डर किसने और क्यों किया उन्हें जानकारी नहीं है।