साइट देखने पहुंचे लाइनमैन, जेई, एएलएम के साथ मारपीट
गांव सुंडावास में साइट देखने गए जेई, एएलएम व लाइनमैन के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल लाइनमैन को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। लाइनमैन का अग्रोहा मेडिकल में इलाज चल रहा है। हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित एचएसईबी वर्कर यूनियन की बालसमंद सब यूनिट कार्यकारिणी ने इस मामले को लेकर मंगलवार को बैठक बुलाई। इसकी अध्यक्षता प्रधान सुनील स्याहड़वा ने की। बैठक का संचालन सचिव जुगल किशोर ने किया। बैठक में 16 अप्रैल को गांव सुंडावास में साइट चेक करने गए बिजली कर्मचारियों से मारपीट की घटना की निंदा की और पुलिस प्रशासन से हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रधान सुनील स्याहड़वा ने बताया कि जेई अनिल कुमार, एएलएम सुभाष लौरा व फीडर इंचार्ज पवन शर्मा लाइनमैन पर गांव में हमला कर उनके साथ मारपीट की। इसमें पवन शर्मा घायल हो गया। पवन शर्मा को सामान्य अस्पताल, हिसार में दाखिल कराया गया है। बैठक में यूनियन ने सर्वसम्मति से फैसला लेते हुए बिजली प्रशासन व पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।