पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • 40 साल पुरानी पाइप लाइन जगह जगह लीक, आधे शहर में पहुंच रहा काला पानी

40 साल पुरानी पाइप लाइन जगह-जगह लीक, आधे शहर में पहुंच रहा काला पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अाधा शहर पानी से वंचित है तो आधे शहर में गंदे और दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। नहर बंद होने के कारण पूरे शहर में एक समय पानी की आपूर्ति कम मात्रा में की जा रही है। इसके साथ ही जिन इलाकों में गंदा पानी आ रहा उस इलाके के लोग लगातार विभागीय अधिकारियों से शिकायतें कर रहे हैं। आलम यह है कि रोजाना 10-12 शिकायतें लेकर लोग पब्लिक हेल्थ के कार्यालय पहुुंच रहे हैं। अफसर नहर में पानी न होने बात कहकर लोगों को टरका रहे हैं। हालांकि अफसरों का दावा है कि नहर में पानी आते ही लोगों की समस्या का समाधान हो जाएगा। हालांकि राहत की बात यह है कि बुधवार को बालसमंद ब्रांच में पानी छोड़ा गया है। ऐसे में जलघरों में भी पानी की आपूर्ति हो सकेगी। जिससे मोहल्लों में पानी सप्लाई समुचित हो सकेगी।

इन इलाकों में आ रहा गंदा पानी : विनोद नगर, भगत सिंह नगर, नेता जी कॉलोनी व योग नगर, हाउसिंग बोर्ड, कैमरी रोड, प्रेम नगर, नई सब्जी मंडी, मोहल्ला रामपुरा, डोगरान मोहल्ला तथा सुंदर नगर में गंदा पानी आ रहा है।

इन इलाकों में पानी की किल्लत : शहर के कैमरी रोड, तोशाम रोड, प्रीति नगर, पुरानी सब्जी मंडी, सैनियान मोहल्ला, जवाहर नगर सोसायटी चौक, सेक्टर-15, सुदामा नगर, जहाज पुल, पुल तेलियान, नई अनाज मंडी, सुंदर नगर, सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड आदि इलाके शामिल है।

जानिए : दूषित पानी सप्लाई के 2 बड़े कारण

1. जब जलघरों में पानी कम हो जाता है तो सप्लाई पाइप लाइनों में पानी की मात्रा कम हो जाता है। नहरबंदी के दौरान जब एक टाइम पानी छोड़ा जाता है तो सभी लोग ज्यादा पानी की डिमांड को लेकर मोटरें चला देते हैं। इस दौरान पाइपों में जमा गंदा पानी टूटियों के माध्यम से घरों में पहुंच जाता है। उस पानी से बर्तन भरते हैं तो गंदगी व कालापन दिखाई देता है।

2. शहर के अधिकांश इलाकों में पानी की पाइप लाइन 40 से 45 साल पुरानी हैं। कई जगह सीवरेज की लाइनें भी साथ-साथ चल रही हैं। जब पानी की आपूर्ति छोड़ी जाती है तो कहीं-कहीं लीकेज के कारण पानी घरों में जाता है, जो बदबूदार व कालापन लिए होता है। न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन, मोहल्ला रामपुरा इस समस्या को झेल चुका है। यहां काफी समय तक गंदा पानी लोगों को पीने को मिला।

विनोद नगर क्षेत्र में हो रहे गंदे पानी की सप्लाई को लेकर आक्राेशित क्षेत्रवासी।

नहरबंदी के बाद ज्यादा समस्या आई, समाधान जल्द

जलघरों में पानी आते ही लोगों को पानी नियमित मिलने लगेगा। नहरबंदी के बाद इस तरह की नौबत आती है। विभाग इस पर नजर रखे हुए हैं। 10 से 12 शिकायतें रोजाना पहुंच रहीं हैं। जिन क्षेत्रों में लाइट न होने, मोटरें जलने के कारण पानी नहीं पहुंच रहा, वहां भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि समाधान जल्द से जल्द होे।\\\'\\\' जसवंत सिंह, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग, हिसार।

शहर के लोगों को पानी की चिंता करने की जरूरत नहीं है। कल से नहरों में पानी आ जाएगा और जलघर भर जाएंगे। इसके बाद सभी क्षेत्रों को पानी मिलने लगेगा। गंदा पानी इसलिए अाता है कि लोग मोटरों के माध्यम से पानी खींचते हैं जो पाइपों में जमा गंदगी आ जाती है। वैसे पुराने पाइपों की समस्या कांग्रेस राज से बनी हुई हैं। कई इलाकों में पाइप बदल दिए गए हैं।\\\'\\\' -डॉ. कमल गुप्ता विधायक, हिसार।

इधर,.. राहत की बात

बालसमंद सब ब्रांच में पहुंचा पानी

शहर के जलघरों को मिलेगा तो घरों में पहुंच सकेगी पूरी सप्लाई

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में कई दिनों से आ रहा गंदा पानी। इससे लोग परेशान हैं।

हुडा ने सेक्टरों से पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे

हिसार | सेक्टरों में कई दिन से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। बार-बार शिकायत के बाद अब हुडा यानी एचएसवीपी के अधिकारियों ने सेक्टरों में घर-घर जाकर मौका देखा है। हुडा ने सभी सेक्टरों से पानी के सैंपल भरवाए। सभी सेक्टरों से करीब 10 सैंपल लिए हैं। जहां गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इन सैंपलों को जांच के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की लैब में भेजा गया है। लैब करीब एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट हुडा अधिकारियों को सौंप देगी।

सेक्टर 16-17, सेक्टर 13 व पार्ट टू, सेक्टर 9-11, सेक्टर 15 व सेक्टर 14 में सैंपल भरे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घरों में सीवरेज मिक्स पानी आने की शिकायतें थी। घरों में चेक किया गया तो पानी में बदबू तो नहीं आ रही थी मगर मिट्टी मिक्स वाला पानी था। सभी सेक्टरों से सैंपल लिए गए हैं।

जहां लीकेज बताई गई थी उन्हें ठीक करवाने का काम चल रहा है। साथ ही सभी सेक्टरों से पानी के सैंपल लेकर जनस्वास्थ्य विभाग की लैब में जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने परर मामला क्लियर हो जाएगा।\\\'\\\' -पवन वर्मा, एक्सईएन एचएसवीपी।

खबरें और भी हैं...