हिसार | मॉडल टाउन निवासी महिला की शिकायत पर पुलिस ने देवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि वह एक दुकान पर काम करती है। पति एक अस्पताल में कैंटीन चलाता है। वह कहीं जा रही थी तो रास्ते में उसके देवर ने हाथ पकड़ लिया। वह अपशब्द बोलने लगा। किसी तरह अपना हाथ छुड़वाकर अपने कमरे पर आ गई। आरोप है कि जब घर में सब्जी बना रही थी, तब देवर भी अंदर घुस आया। कुंडी बंद करके मारपीट करने लगा। मुंह दबाकर चाकू से वार कर दिया। उसे रोकने की कोशिश की तो हाथ जख्मी हो गया। जब शोर मचाया तो वह भाग गया।
बुजुर्ग लापता, न देहरादून पहुंचा और न हिसार लौटा
हिसार | सेक्टर 14 स्थित आयकर भवन में कार्यरत सहायक न्यू मॉडल टाउन वासी राय सिंह रावत के ससुर श्याम सिंह लापता हो गए। वह न तो देहरादून पहुंचे और न लौटकर हिसार स्थित घर आए। राय सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि उत्तराखंड वासी भगवानी देवी के साथ उसकी शादी हुई थी। साला रविंद्र देहरादून में रहता है और ससुर श्याम सिंह करीब 5-6 महीने से मेरे साथ रह रहा था। 14 मई को रात 7-8 बजे हिसार से अपने बेटे से मिलने के लिए देहरादून जाने को घर से चले थे। न तो देहरादून पहुंचे और न लौटकर आए।
एचएयू : रिटायर्ड कर्मचारी 25 को करेंगे आंदोलन का ऐलान
हिसार | एचएयू रिटायर्ड कर्मचारी संघ अपनी मांगों को लेकर 25 मई को आम सभा में आंदोलन की घोषणा करेगा। इस संबंध में रविवार को प्रधान अशोक अठवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। अठवाल ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर अनेक बार एचएयू के वीसी से मिल चुके हैं, मगर आज तक कोई उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उनकी मांगों पर चर्चा न करके अनदेखी की जा रही है। बैठक में सुदर्शन मिनोचा, सुरेंद्र सिंह बूरा, वजीर सिंह सिवाच, सतवीर सिंह डांगी, चंदगीराम, रमेश ठकराल रामसिंह खत्री, सुभाष, रामकुमार ढुल, देवीप्रकाश इत्यादि शामिल थे।