सर्वजन समाज पार्टी ने हिसार की सोसायटियों में हो रहे घोटालों की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। इस संबंध में पार्टी ने रविवार को रेड स्क्वेयर मार्केट में धरना दिया व भूख हड़ताल की।
पार्टी के अध्यक्ष नंद किशोर चावला ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि हिसार शहर में थ्रीप्ट एंड क्रेडिट व नॉन एग्रीकल्चर सोसायटीज खुली हुई हैं। इनमें से 13 के खिलाफ शिकायतें हैं और बाकि कुछ सोसायटीज ग्राहकों को पैसे लौटाने में आनाकानी कर रही हैं। इनमें 4000 से अधिक खाते हैं। प्रबंधक और अधिकारियों की मिलीभगत से सोसायटी में लगभग 500 करोड़ रुपए का घोटला किया गया है। प्रबंधक और अधिकारियों द्वारा करोड़ों रुपए की अपनी संपत्ति खरीदी गई है। चावला ने कहा कि हर सोसायटी में एक वर्ष में उप रजिस्ट्रार से सब निरीक्षक तक 12 बार इंस्पेक्शन अर्थात रिकॉर्ड चेक किया जाता है। वर्ष में एक बार ऑडिट विभाग रिकॉर्ड का ऑडिट करता है फिर भी जनता का करोड़ों रुपए का घोटाला कैसे हो गया। जनता को सोसायटी एक्ट-1984 की धारा 46 के तहत हरियाणा सरकार राशि अदा करे और दोषी अधिकारियों पर भी सख्त कार्यवाही की जाए। धरने पर जयराम चावला, विजय मेहता, विजय धमीजा, सुभाष सैनी, श्याम मेहता, अजीत ग्रोवर, पवन बजाज, लछमन दास, अमर गिरधर, गीता आहुजा, भारत भूषण सिरसा, सुदर्शन मनोचा आदि भी बैठे थे।