देश की सामाजिक समानता में बाबा साहेब का अहम योगदान : संतोष यादव
हिसार | भारत र| बाबा साहेब डाॅ. भीम राव अम्बेडकर ने समाज में फैली छूआछूत, असमानता, जातिवाद के खिलाफ लड़ाई लड़कर देश में सामाजिक समानता लाने में अहम योगदान दिया है। देश व समाज के लिए उनके सपनों को साकार करना उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बात हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव ने शुक्रवार को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय के सभागार में बाबा साहेब जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय समारोह में संबोधित करते हुए कही।
राज्यसभा सांसद डाॅ. डीपी वत्स ने कहा कि बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर को समाज जोड़ने वाले के रूप में देखा जाता है। उन्होंने समाज में ऊंच-नीच और जातिवाद को खत्म करके समानता के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की सबसे बड़ी कमजोरी जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाईभतीजावाद है। इस मौके पर उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कहा कि बाबा साहेब ने एक बेहद गरीब परिवार से होते हुए भी अपने संघर्ष के बल पर उन्होंने अतुलनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। समारोह में एडीए राकेश कुमार ने लीगल एड एवं एसीएसटी के संविधानिक अधिकारों की जानकारी दी।
एचएयू में शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव को स्मृति चिह्न देते हुए उपायुक्त अशोक कुमार मीणा।