10वीं की फर्जी मार्कशीट मामले में तलवंडी रुक्का का सरपंच टर्मिनेट
दिल्ली के विपिन गार्डन स्थित दिल्ली सीनियर सेकंडरी स्कूल से गांव तलवंडी रुक्का के फर्जी 10वीं की मार्कशीट बनवा ली, इस के आधार पर गांव में सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। मामले की शिकायत हुई तो सरपंच की पोल खुल गई। दो साल, दो बार जांच के बाद डीसी अशोक कुमार मीणा ने सरपंच को पद से टर्मिनेट कर दिया है।
दरअसल, गांव तलवंडी रुक्का के राकेश कुमार ने प्रशासन को शिकायत दी थी कि उनके गांव के सरपंच ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चुनाव लड़ा था। इसकी जांच पूर्व में तत्कालीन एसडीएम अशोक कुमार बंसल ने की, जांच में आरोप सही पाए गए। कार्रवाई हो पाती इससे पहले ही आरोपी कोर्ट से स्टे आर्डर ले आया। इसके बाद मामले की जांच प्रशासन ने एसडीएम परमजीत सिंह चहल को दोबारा सौंप दी। उन्होंने जांच में पाया कि सरपंच द्वारा लगाई गई 10वीं की मार्कशीट फर्जी है। दिल्ली सीनियर सेकंडरी स्कूल के पास भी 10वीं की मान्यता नहीं है। इस बात की पुष्टि पश्चिमी दिल्ली के शिक्षा निदेशक ने की है। उनकी माने तो इस प्रकार का कोई स्कूल उनके कागजों में दर्ज ही नहीं है। डीसी ने आरोप सिद्ध होने पर सरपंच को तत्काल उसेे पद से मुक्त कर दिया।
शिकायत पर प्रशासन ने दो बार करवाई जांच के बाद की कार्रवाई