बाइकर्स ने रिटायर्ड सूबेदार को लिफ्ट देकर पिस्तौल दिखा Rs. 56 हजार लूटे
बाइक सवार बदमाशों ने लिफ्ट देकर ढाणी बुखारी निवासी रिटायर्ड सूबेदार महाबीर सिंह को एयरपोर्ट चौक के पास जंगल में ले जाकर पिस्तौल और चाकू दिखाकर 56 हजार रुपए, मोबाइल और दस्तावेज लूट लिए।
रिटायर्ड सूबेदार ने पुलिस को बताया कि ऑटो मार्केट फेज-तीन में परिचित की शादी में आया था। वहां से देर रात साढ़े 12 बजे पैदल ही बरवाला चुंगी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवक आए। पास आकर बोले कि इतनी रात को पैदल कहां जा रहे हो। उन्हें बताया कि हांसी जाना है। बरवाला चुंगी से साधन मिल जाएगा। बाइकर्स ने कहा कि आपको लिफ्ट दे देते हैं। जहां जाना है वहां छोड़ देंगे। उनके साथ बाइक पर बैठकर चल दिया। बरवाला चुंगी पहुंचने पर उनसे रुकने के लिए कहा। वे बोले कि हम आपको हांसी ही छोड़ देंगे। उनका विरोध किया लेकिन नहीं माने। एयरपोर्ट चौक के पास जंगल में लेकर चले गए। मुझे बाइक से नीचे उतार दिया। फिर चाकू व पिस्तौल दिखाकर जान से मारने का भय दिखाया। उन्होंने जेब से 56 हजार रुपये, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज एटीएम कार्ड, एक्स सर्विस मैन आईडी कार्ड, डीएल, ईसीएचस कार्ड लूट लिए और छोड़कर बाइक पर बैठकर फरार हो गए थे। पड़ाव चौकी में पहुंचकर आपबीती सुनाई।