दूषित पेयजल सप्लाई का उठेगा मुद्दा
पेयजल की आपूर्ति तो छोड़िए पब्लिक हेल्थ विभाग पानी की लाइनों की मॉनीटरिंग भी ठीक से नहीं कर पा रहा है। हाल यह है कि सेक्टर 15 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पिछले 13 दिन से लोग सीवर का मिक्स पानी पीने को मजबूर हैं। गंदा पानी पीने से कई लोग बीमार भी हो रहे हैं। लोगों की मानें तो ऐसा पहली बार नहीं बल्कि कई बार हो चुका है।
जनस्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल का यह महकमा भी है, इस कारण इस शिकायत पर 21 मई को जनपरिवाद समिति की बैठक में 11 बजे सुनवाई होगी। बैठक में कुल 14 मामले लिए गए हैं जिसमें से 4 पुराने व 10 नए मामले शामिल हैं। वहीं सेक्टर 13 में एक रेस्टोरेंट के बेसमेंट में लगभग 150 डीबीए की आवाज में डीजी साउंड चलाया जाता है। इसके समीप ही एक कोचिंग सेंटर है, साउंड के शोर व वाइब्रेशन के कारण बच्चों को सिर दर्द व माइग्रेन जैसी समस्याएं हो रही हैं, इधर रेस्टोरेंट संचालक अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है। मामले की शिकायत पुलिस को की गई मगर कोई कार्रवाई नहीं हुईं।