हिसार | चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण एवं शिक्षण संस्थान द्वारा नर्सरी प्रबंधन विषय पर एक माह का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसका प्रायोजन हिन्दुस्तान इंसेक्टिसाइड लिमिटेड (एचआईएल) द्वारा किया जा रहा है। एचआईएल के सलाहकार डॉ. साईं दास ने विश्वविद्यालय का दौरा किया तथा प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि आज परंपरागत खेती की बजाय आधुनिक खेती अपनाने की जरूरत है। इस दिशा में नर्सरी उत्पादन के साथ-साथ बेबी कोर्न की खेती करना बहुत ही लाभदायक है। उनके अनुसार दिल्ली के आसपास हरियाणा में इसकी खेती की जा रही है जिसका किसान भरपूर लाभ ले रहे हैं। डॉ. साईं दास ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह से भी मुलाकात की। इस अवसर पर प्रशिक्षण संस्थान की सहनिदेशिका डॉ. मंजु दहिया व प्रशिक्षण संयोजक डॉ. सुरेेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे। डॉ. साईं दास ने इस तरह के प्रशिक्षणों के लिए भविष्य में भी अनुदान देने का आश्वासन दिया।