हिसार | टीबी कार्यक्रम को हाईटेक बनाते हुए सोमवार को टीबी स्टाफ में टेबलेट बांटे गए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला टीबी अधिकारी डॉ. कौशल वर्मा तथा सहायक एसएमओ डॉ. सुरेश पंवार ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. वर्मा व डॉ. पंवार ने कहा कि राष्ट्रीय टीबी कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसको केंद्र सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है। अब हर टीबी मरीज की डिटेल ऑनलाइन होगी, ताकि हर मरीज को बेहतर सुविधाएं दी जा सकें। डॉ. पंवार ने कहा कि इसी कड़ी में टीबी स्टाफ को टेबलेट दिए जा रहे हैं, ताकि वे मौके पर ही मरीज की सारी जानकारी टीबी के पोर्टल पर डाल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार हर मरीज को लेकर गंभीर है। विशेष कर टीबी के मरीजों को लेकर कार्य किया जा रहा है। अगर किसी मरीज को टीबी की शिकायत मिलती है तो न केवल उसे निशुल्क दवाइयां दी जाएंगी, साथ ही कोर्स पूरा होने तक हर महीने पोषण योजना के तहत पैसे भी दिए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मेदांता से आई टीम का स्वागत किया। यह टीम जिले भर के सभी प्राथमिक सहायता केंद्रों पर जाकर मरीजों की जांच करेगी और मौके पर ही निशुल्क छाती का एक्सरे किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. कौशल वर्मा डीटीओ, ओमप्रकाश वर्मा, कुलदीप, तरसेम, नीरज, अमरजीत कौर, भजनलाल, मनदीप सहित पूरा टीबी स्टाफ मौजूद था।