पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • अफसरों ने शुरू करवाई सफाई तो हड़तालियों ने बिखेरा कूड़ा, टकराव की आशंका देख बुलाई पुलिस

अफसरों ने शुरू करवाई सफाई तो हड़तालियों ने बिखेरा कूड़ा, टकराव की आशंका देख बुलाई पुलिस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सफाई कर्मचारियों की 9 मई से जारी हड़ताल में नेताओं, पार्षदों व सामाजिक संस्थाओं की दूरी अभी भी बनी हुई है। शहर में जगह-जगह फैले कचरे से परेशान जनता ने अब स्वयं कमान संभाल ली है। उधर, जनता की बढ़ती भागीदारी को देख रविवार को शहर में जिला प्रशासन ने सफाई अभियान चलाया।

शुरुआत में अभियान सिरे चढ़ता नजर आया लेकिन बाद में सूचना मिलने पर हड़ताली सफाई कर्मचारी व अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए। उनके विरोध के बाद शहर में कई जगहों पर सफाई अभियान थम गया। हालांकि टकराव को टालने के लिए पुलिस के अलावा मौके पर नगर निगम के आला अधिकारी भी पहुंचे। मगर जनता ने अपना कार्य जारी रखा। डिफेंस काॅलोनी, मिलगेट क्षेत्र, राजगढ़ रोड, राजगढ़ रोड से कैमरी रोड क्षेत्र में सफाई कार्य जारी रहा। ऐसे में रविवार को विरोध के बीच शहर से विभिन्न स्थानों पर सफाई हुई।

(क्रांतिमान पार्क में ग्रामीण सफाई कर्मचारी हुए एकजुट- पेज 4 पर)

कैंप चौक और मटका चौक क्षेत्र में सफाई की सूचना मिलते ही 50 लोग विरोध करने पहुंचे, अफसरों ने किया बीच-बचाव

नगर निगम प्रशासन की अोर से गठित टीमों ने आईजी चौक, राजगढ़ रोड, कैमरी रोड सहित शहर के कई हिस्सों में सफाई शुरु की। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस व ठेकेदार के कर्मचारी सहित आमजन अभियान से जुड़े उन्होंने सफाई कार्य किया। करीब 1 घंटा सफाई कार्य चला ही था कि सूचना मिलते ही कैंप चौक व मटका क्षेत्र पर करीब 50 लोग पहुंचे। जिनमें अधिकांश महिलाएं थी। उन्होंने सफाई का विरोध किया। इस दौरान आला अफसर भी मौजूद रहे। विरोध बढ़ता देख सफाई बीच में ही रोक दी। उधर, कई लोगों ने कैंप चौक के पास सड़क पर कचरा बिखेर दिया। सफाई करने वाले और विरोध करने वालों में टकराव की स्थिति पैदा हो गई। मामला बढ़ने की स्थिति में पुलिस फोर्स के साथ अफसर भी पहुंच गए। अफसरों ने बातचीत कर मामला शांत करवाया। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर एसडीएम व निगम कमिश्नर अशोक बंसल ने मौके का जायजा लिया।

कैमरी रोड पर रविवार को सुबह पुलिस की मौजूदगी में सफाई करते आमजन।

आज नारनौंद में वित्तमंत्री के कार्यालय के सामने करेंगे प्रदर्शन

नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मचारियों की हड़ताल 12वें दिन जारी रही। अध्यक्षता प्रधान प्रवीन कुमार ने व संचालन सहसचिव राजेश बागड़ी ने किया। सकसं से जुड़े विभिन्न विभागों के कर्मचारियों व निगम कर्मचारियों ने पहले पारिजात चौक पर प्रदर्शन किया। उसके बाद राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्रा व लोकसभा सांसद दुष्यंत चौटाला के आवास पर प्रदर्शन कर अपना मांग पत्र सौंपा। सकसं के प्रधान सुरेंद्र मान ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होगी हड़ताल जारी रहेगी। उधर, न्यू पेंशन स्कीम के विरोध में कर्मचारी नारनौंद में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के चुनावी क्षेत्र में एकजुट होंगे। उनके कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर उन्हें अपना मांगपत्र सौंपा जाएगा। निगम प्रांगण में हड़ताल जारी रहेगी। नारनौंद के प्रदर्शन के बाद सायं को हड़ताल की आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

लोगों ने यहां खुद की सफाई

डिफेंस काॅलोनी : रविवार शाम लोगों ने पार्क में बैठक बुलाई। एचएयू के गेट नंबर 4 के सामने पार्क व आसपास के एरिया में सफाई की। योग प्रशिक्षक कांता हुड्डा ने कहा कि लोग पार्क के पास कचरा प्वाइंट पर पहरा देंगे, वहां कचरा फैलाने वालों से आग्रह किया जाएगा कि वे कचरा कम फैलाएं। सतबीर डीपी, सुनील, आनंद, शमशेर, अनीता, कृष्णा, राजबाला ने बताया कि क्षेत्र में सफाई कार्य जारी रहेगा।

मिलगेट जिंदल पार्क : मिलगेट क्षेत्र में जिंदल पार्क में लोगों ने सफाई की। डाॅ. रमेश, रोहिला, गौतम व अजय ने कहा कि वे कर्मचारियों की मांगों के खिलाफ नहीं है। वे जायज हैं। मगर बीमारी न फैले व कचरे की परेशानी से निजात पाने के लिए सफाई कार्य शुरू किया है, जो जारी रहेगा।

कैमरी रोड, राजगढ़ रोड : प्रशासन के आह्वान पर केंद्र के जिला युवा समन्वयक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में करीब 200 स्वयंसेवकों ने लजीज वाटिका, सोनिका अस्पताल से लेकर कैंप चौक व फव्वारा चौक व राजकीय कॉलेज तक साफ सफाई की।

कई क्षेत्रों में कचरे में लगाई आग

डीएन कालेज हॉस्टल, सत्य नगर में रेलवे लाइन के साथ, कैंप चौक से डाबड़ा चौक रोड सहित शहर कई क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने कचरे प्वाइंट पर कचरे को आग लगा दी।

खबरें और भी हैं...