पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • मनरेगा कार्यों में लापरवाही पर 3 मेट हटाए ग्राम सचिव आैर एबीपीओ से मांगा जवाब

मनरेगा कार्यों में लापरवाही पर 3 मेट हटाए ग्राम सचिव आैर एबीपीओ से मांगा जवाब

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एडीसी अमरजीत सिंह मान के निर्देश पर चार टीमों ने शनिवार को जिले के डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों में एक साथ मनरेगा कामों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ गांवों में मनरेगा कार्यों में कोताही सामने आने पर तीन मेट हटा दिए गए। एक ग्राम सचिव व एबीपीओ से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है। इसके संबंधित बीडीपीओ के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त उपायुक्त एएस मान ने परियोजना अधिकारी डॉ. राजकुमार नरवाल को खंड उकलाना व हांसी प्रथम, योजना अधिकारी जगदीश दलाल व सहायक परियोजना अधिकारी खैराती लाल को हिसार प्रथम व द्वितीय खंड, सहायक परियोजना अधिकारी विजय सिक्का व लेखा सहायक सूरजभान को खंड बरवाला तथा तकनीकी विशेषज्ञ रणवीर सिंह खरब व एबीपीओ नरेंद्र कुमार को नारनौंद खंड के गांवों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर मनरेगा के चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

काम में पारदर्शिता के लिए चेकिंग जारी रहेगी : मान

कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए इस प्रकार की चेकिंग लगातार जारी रहेगी और कामों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को मनरेगा के तहत जोहड़-तालाबों की खुदाई व गाद निकालने के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के निर्देश दिए हैं। अमरजीत सिंह मान- अतिरिक्त उपायुक्त हिसार।

टीम की जांच में ये मिलीं खामियां

खंड नारनौंद के गांव बुडाना में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि श्मशान घाट वाले तालाब की रिटर्निंग वॉल के निर्माण कार्य के लिए मस्टरोल जारी किया हुआ था, लेकिन मौके पर कोई उपस्थित नहीं मिला। गांव कौथ कलां में जुनावाले तालाब की खुदाई का कार्य चल रहा था जिसमें 219 मजदूर व 3 मेट मौके पर उपस्थित थे। यहां मेटों द्वारा दोपहर 1 बजे तक भी मजदूरों की हाजिरी मस्टरोल में नहीं लगाई गई थी। इस बारे अतिरिक्त उपायुक्त को सूचना दी गई तो उन्होंने तीनों मेटों को हटाने के निर्देश देते हुए एबीपीओ व ग्राम सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है। इस मामले में संबंधित बीडीपीओ के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हिसार द्वितीय खंड के गांव सुंडावास में सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के साथ रोपित किए गए पौधों को पानी देने वाले मजदूर गायब मिले। दोनों मजदूरों की गैरहाजिरी लगाते हुए एबीपीओ से गलत रिपोर्ट करने के लिए स्पष्टीकरण मांगा गया है। खंड बरवाला के गांव ढाणी मिरदाद में राजकीय स्कूल के पास वाले तालाब का खुदाई मस्टरोल जारी किया हुआ था लेकिन कार्यस्थल पर कोई मजदूर व मेट उपस्थित नहीं मिला। गांव पनिहारी में किठाणुनाथ वाले जोहड़ की खुदाई का मस्टरोल जारी करने के बावजूद सुबह 11.35 बजे तक वहां कोई मजदूर नहीं था। मेट रमेश कुमार को मौके पर बुलाकर इस बारे पूछा गया तो उसने बताया कि कार्य का समय सुबह 8.30 से 11.30 बजे तथा दोपहर बाद 2.30 से 6.30 बजे तक निश्चित किया हुआ है। इस पर एडीसी मेट को हटाने तथा सभी मजदूरों की गैरहाजिरी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा का कार्य सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक लगातार करवाया जाए।

जिले के एक दर्जन से अधिक गांवों में मनरेगा कार्यों की चेकिंग

चारों टीमों ने निर्धारित खंडों के एक दर्जन से अधिक गांवों में मनरेगा के काम को जांच की। यहां चल रहे तालाबों की खुदाई, गाद निकालने, तालाब की चारदीवारी का निर्माण, ग्राम सचिवालय का निर्माण, खेतों के रास्तों की बंधाई जैसे कार्यों के दौरान मजदूरों की संख्या, मस्टरोल में भरी गई उपस्थिति रिपोर्ट, मौके पर मौजूद कामगारों की संख्या तथा चल रहे कार्यों की चेकिंग की। इस दौरान गांव भरी, बूरे, भेरियां, सरसाना, शाहपुर, सुंडावास, खेड़ी बर्की, पंघाल, ढाणी मिरदाद, पनिहारी, भैणी बादशाहपुर, लोहारी राघो, बुडाना, कौथ कलां, पाली, राखी शाहपुर सहित कई अन्य गांवों का निरीक्षण किया गया।

एडीसी के निर्देश पर गांव में मनरेगा कार्यों का निरीक्षण करते अधिकारी।

खबरें और भी हैं...