सेक्टरों पर इनहांसमेंट को लेकर 27 मई को पानीपत में अनशन शुरू किए जाने के ऐलान पर सेक्टर 16-17 व 13 पार्ट टू के सेक्टरवासियों की मीटिंग बुलाई गई। हरियाणा स्टेट सेक्टर कोनफीड्रेशन के आह्वान पर सेक्टर 16-17 के कम्युनिटी सेंटर में बुलाई मीटिंग की अध्यक्षता कनवीनर यशवीर मलिक ने की। इसमें वेलफेयर के महासचिव नरेंद्र पिलानिया सरसाना व खजांची भूप सिंह ने मंच संचालन किया।
कनवीनर यशवीर मलिक ने कहा कि हरियाणा सरकार सेक्टर वासियों की मांग को अनदेखा कर रही है। उन्होंने हिसार विश्राम गृह में मुख्यमंत्री को किडनी लेकर इनहांसमेंट भरने के शपथ पत्र देने के समय हुई बातचीत के बारे में सेक्टरवासियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2 महीने इंतजार करने को कहा है जो सेक्टरवासियों को कतई मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि हम सब एकजुट रहे अब इस लड़ाई में सड़कों पर अनशन भी करेंगे और न्यायालय में भी इस लड़ाई को लड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि 27 मई को हिसार से भी भारी संख्या में सेक्टरवासी पानीपत पहुंचेंगे। अब इस लड़ाई को आखिरी अंजाम तक पहुंचाने का काम किया जाएगी। इस मौके पर सद्भावना संस्था के प्रधान अमित ग्रोवर, सेक्टर 16-17 आरडब्लूए के महासचिव नरेंद्र पिलानिया, अर्बन एस्टेट से रामनिवास आदमपुरिया, सेक्टर 15 से योगराज गर्ग, सेक्टर 1-4 से कर्नल चतर सिंह गोयत, सेक्टर 3-5 से बलवंत बूरा, पीएलए से सतपाल ठाकुर, सेक्टर 9-11 से बीर सिंह बामल सहित सेक्टर की अनेक महिलाएं व पुरुष मौजूद थे।
इनहांसमेंट पर सीएम ने 2 महीने इंतजार करने को कहा है, पर सेक्टरवासियों को मंजूर नहीं : मलिक