पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • हथकड़ी खोलकर खिड़की से कूद फरार हुआ छीना झपटी का आरोपी, 12 घंटे के भीतर फिर पकड़ा

हथकड़ी खोलकर खिड़की से कूद फरार हुआ छीना झपटी का आरोपी, 12 घंटे के भीतर फिर पकड़ा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पीएलए चौकी से छीनाझपटी का आरोपी पटेल नगर निवासी सुरजीत उर्फ गोगी हथकड़ी खोलकर शनिवार देर शाम खिड़की से कूदकर फरार हो गया। इसका पता चलने पर देर रात तक पुलिस ने सर्च अभियान चलाया और 12 घंटे के भीतर ही पटेल नगर से उसे धरदबोचा।

आरोपी के खिलाफ पुलिस कस्टडी से भागने के आरोप में धारा 224 के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, पुलिस ने सुरजीत उर्फ गोगी की निशानदेही पर वृद्धा की छीनी बालियां बरामद करके अन्य दोनों आरोपी दीपक उर्फ पक्का और शुभम को भी गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया है। बता दें कि इससे पहले नाबालिग लड़की का अपहरण करने का आरोपी आजाद नगर चौकी से बर्तन धोने के बहाने फरार हो गया था। करीब एक माह बाद उसने अदालत में सरेंडर किया था।

मुंशी ने हथकड़ी में छोड़ दी थी चाबी

पीएलए चौकी में छीना झपटी के आरोपी सुरजीत उर्फ गोगी को हथकड़ी से बांध रखा था। उसका साथी दीपक उर्फ पक्का भी पुलिस गिरफ्त में आ चुका था। चौकी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि दीपक उर्फ पक्का को तीसरे आरोपी शुभम की धरपकड़ में सहयोग के लिए अपने साथ लेकर चले गए थे। इसी दौरान मुंशी ने ड्यूटी में कोताही बरतते हुए सुरजीत को लगी हथकड़ी में चाबी को छोड़ दिया था। इस दौरान मुंशी व अन्य स्टाफ दूसरे कामों में व्यस्त हो गया, जिसका फायदा उठाकर गोगी हथकड़ी खोलकर खिड़की से कूदकर भाग गया था। कुछ देर बाद मुंशी ने देखा तो गोगी गायब था। इसकी सूचना चौकी व थाना इंचार्ज को दी। सभी काम छोड़कर गोगी की तलाश में जुट गई। कई घंटों बाद भी नहीं मिला तो एसपी को मामले से अवगत करवाना पड़ा। ऐसे में किसी की मुखबरी पर गोगी को पटेल नगर से धर दबोचने में कामयाबी मिली।

इस मामले में रिमांड पर था आरोपी

पटेल नगर में दो लोगों से स्कूटी सवार सुरजीत उर्फ गोगी व उसके दो साथियों ने मोबाइल व नकदी छीनी थी। शिकायत मिलने के बाद आराेपियों को पीएलए चौकी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया था। सुरजीत को एक दिन के रिमांड पर हासिल किया था। उसके साथी प्रदीप उर्फ काला व प्रदीप उर्फ छटकू को जेल भेज दिया था। गोगी ने कबूला था कि उसने अपने दो अन्य साथी शुभम और दीपक उर्फ पक्का के साथ मिलकर गली में सो रही मोंटू की दादी की बालियां छीनी थीं। इस मामले में बालियां बरामद करने और उक्त दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत थी। इस दौरान पुलिस हिरासत में गोगी 12 घंटे भी नहीं रहा और चकमा देकर भाग गया था। हालांकि 12 घंटे के भीतर पकड़ जरूर लिया।

रिपोर्ट मांगी है : एएसपी

ड्यूटी में कोताही तो बरती गई है। इसके कारण मुजरिम फरार हुआ था। सिविल लाइन थाना प्रभारी से रिपोर्ट मांगी है। उसके आने के बाद विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी को कुछ घंटों की मशक्कत के बाद फिर से पकड़ लिया था। राजेश कुमार, एएसपी।

खबरें और भी हैं...