पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • दुकानदार को दुष्कर्म केस में फंसाने का दबाव बनाकर महिला एसआई पर वसूली का आरोप, वीडियो हुआ वायरल

दुकानदार को दुष्कर्म केस में फंसाने का दबाव बनाकर महिला एसआई पर वसूली का आरोप, वीडियो हुआ वायरल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दुष्कर्म की एक शिकायत पर सौदेबाजी और अवैध वसूली के आरोप में महिला थाना की तत्कालीन एसएचओ इंस्पेक्टर सरोज अभी विजिलेंस की पकड़ से दूर है। वहीं एक नये मामले में सदर थाना की महिला एसआई संतोष का नाम सामने आया है। एसआई का वीडियो भी वायरल हो गया है, जिसमें रुपए लेकर दुकानदार को केस से बाहर निकालने की बात कहते दिख रही हैं। हैरत की बात यह कि अवैध वसूली का वीडियो सदर थाना के कमरा नंबर 5 में बनाया हुआ है। हालांकि एसआई संतोष अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बता रही है। वहीं वीडियो वायरल होने पर मामला एसपी मनीषा चौधरी के संज्ञान में आ चुका है, जिस पर उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं। सदर थाने पर महिला एसआई का वीडियो शूट करने वाला पीड़ित दुकानदार विनोद आर्यनगर का रहने वाला है। उसने विजिलेंस में जाकर एसआई के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

करीब तीन माह पहले आर्य नगर क्षेत्र की एक दुकान में रेप की वारदात का मामला सामने आया था। दुकानदार किसी काम से बाहर गया था। जाने से पहले अपने दोस्त अशोक को दुकान बंद कर चाबी घर देकर जाने के लिए कहा था। आरोप है कि अशोक ने मौके का फायदा उठाकर दुकान में एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। कुछ दिनों बाद पीड़िता ने उसके विरुद्ध सदर थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। पुलिस ने केस दर्ज करके महिला एसआई को जांच सौंपी थी। आरोपी अशोक को पकड़कर जेल भिजवा दिया था। अब दुकानदार को केस में फंसाने का भय दिखाकर उससे 7 हजार रुपए की डिमांड की थी। आरोप है कि उसने 4 हजार रुपये दे दिए थे। बाकी रुपये देने के लिए एसआई की तरफ से दबाव बनाया जा रहा था।

जानिए : सदर थाने के कमरा नंबर 5 में बनाई वीडियो में क्या हुआ कैद

मोबाइल में वीडियो बनाई...फिर वायरल : अवैध वसूली से परेशान दुकानदार मामले को उजागर करने के लिए कुर्ते की ऊपरी जेब में मोबाइल वीडियो ऑप्शन ऑन करके सदर थाना में चला गया। दोपहर करीब एक बजे कमरा नंबर 5 में पहुंचा, जहां एसआई बैठी थी। उसने जाते ही बाकी के रुपये मांगे। इस पर दुकानदार ने जेब से 1200 रुपए निकाल कर दिए। बोला कि दुकान में दुष्कर्म की घटना के बाद असली मालिक ने बाहर निकाल दिया। अब कमीशन पर काम करके गुजारा चलाता हूं। इतना ही हो पाएगा। एसआई रुपए लेकर बैग में रख लेती है।

वीडियो में दुकानदार और एसआई के बीच बातचीत के अंश

एसआई : कितने रुपये कहा था लाने को?

दुकानदार: दीदी...दो हजार कहा था आपने।

एसआई : 4 हजार तूने दे दिए 3 हजार की और कही थी?

दुकानदार : घर-गृहस्थी ऐसी है। गरीब हैं 1200 रुपये हैं।

एसआई : 1200 क्यों लाया फिर (एसआई ने पैसे बैग में डाल लिए)

दुकानदार: 1500 थे, 300 खर्च हो गए। वो....इतने ही हैं मेरे पास।

एसआई : काम चल रहा है वेतन मिल रहा है। ये फालतू के पैसे हैं। इनसे तो कपड़े ले आई...जूती ले आई।

दुकानदार: हां, ये बात तो है दीदी।

एसआई: तेरी कमाई का क्या है?

दुकानदार : दुकान बंद हो गई। कमीशन पर काम करता हूं अब।

एसआई : कमीशन तो मिलता ही होगा।

दुकानदार : मिलता है कमीशन, जब ऑर्डर पूरा करता हूं।

एसआई : इतने में काम तो नहीं चलता है।

दुकानदार : दीदी. चला लो काम आप।

एसआई : चलो...जाओ फिर।

दुकानदार : दीदी...मेरे जितने रुपए बनते थे दिए मुझे दिक्कत न आए मैं आपको जानता हूं पीछा छूटना चाहिए।

एसआई : मैं तो कोर्ट में दे आई हूं वो केस।

दुकानदार: मेरी कहीं इन्वॉल्वमेंट तो नहीं है ना।

एसआई : नहीं तुम्हारी कोई इन्वॉल्वमेंट नहीं है।

दुकानदार : ठीक है दीदी अब में जाऊं।

खबरें और भी हैं...