मंडी आदमपुर सिटी | खारा खेड़ी स्थित रॉयल इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने पंजाब के मोगा जिले के बाघा पुराना में आयोजित अंडर 14 आयु वर्ग की अंतर राज्यस्तरीय फुटबाॅल प्रतियोगिता में भाग लेते हुए द्वितीय स्थान पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबला में शुरुआत से ही बाघापुराना की टीम के साथ कड़ी टक्कर का मुकाबला देखने को मिला। खेल में अंत तक खिलाड़ियों के जोश और उत्साह से रोमांचित माहौल बना रहा और मैच के अंतिम समय में दूसरा स्थान सुरक्षित करते हुए अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। विजेता टीम के खिलाडिय़ों का सोमवार को विद्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर डॉ. युद्धवीर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे मानसिक, शारीरिक, बौद्धिक विकास को बढ़ाते हैं, इसलिए हमें हर रोज खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। वहीं विद्यालय निदेशिका डॉ. ज्योत्सना ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि कड़ी मेहनत करो तो सफलता अवश्य मिलती है। इस अवसर पर गगन थापा, आशा, प्रवीन, सुधीर सहित अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।
पीजीएसडी स्कूल के अनिल ने जीता स्वर्ण
हिसार। पड़ाव चौक स्थित पीजीएसडी जूनियर मॉडल स्कूल के पांचवीं कक्षा के छात्र एवं बड़वाली ढाणी निवासी अनिल ने जिलास्तरीय कराटे प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। यह प्रतियोगिता हांसी में आयोजित हुई। स्कूल मुख्याध्यापिका ऊषा गर्ग ने बताया कि अनिल ने अंडर 12 आयुवर्ग में प्रतियोगिता में पहली बार प्रतिभागिता की और प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीत लिया। इस उपलब्धि पर स्कूल में खुशी का माहौल है। स्कूल संस्था के प्रधान नारायण दास बंसल, उपप्रधान कैलाश चन्द चौधरी, महासचिव द्वारका प्रसाद दुर्जनपुरिया, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश असीजा तथा पीजीएसडी शिक्षण संस्थान के सभी मुख्याध्यापकों, अध्यापकों ने अभिभावकों को बधाई दी तथा अनिल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।