जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ग्रामीणों को संबोधित करते हुए।
भास्कर न्यूज | हिसार
ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल मिले, इसके लिए प्रदेश सरकार गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है। इस दिशा में नये जलघरों की स्थापना, जलघरों की सफाई, नहरों को जल घरों से जोड़ना आदि कामों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। यह बात जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कही। उन्होंने सोमवार को विभिन्न गांवों में 8 करोड़ 21 लाख 2 हजार रुपए की लागत से बनने वाले नये जलघरों के शिलान्यास व उद्घाटन बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। गांव मदनपुरा व कुंदनपुरा में स्वतंत्र जल घर, गांव खेदड़ में वाटर वक्र्स, गांव कुंभा खेड़ा में पेयजल सप्लाई योजना का शिलान्यास किया। गांव लितानी व गैबीपुर में बूस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, एसडीएम बरवाला पृथ्वी सिंह, प्रदेश सचिव कर्ण सिंह रानोलिया, जिला महामंत्री आशा खेदड़, सीमा गैबीपुर सहित अन्य बीजेपी नेता, अधिकारीगण व ग्रामीण उपस्थित रहे।
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि इन जल परियोजनाओं के शुरू होने से गांव के प्रत्येक व्यक्ति 70 लीटर प्रति दिन के हिसाब से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। गांव मदनपुरा व कुंदनपुरा में लगभग 2 करोड़ 80 लाख 65 हजार रुपए की लागत से स्वतंत्रता जल का निर्माण किया जाएगा। इस जल घर से करीब 4000 लोगों को इसका सीधा लाभ पहुंचेगा। इसी प्रकार गांव कुंभा खेड़ा में सप्लाई पेजयल योजना के तहत 78 लाख 70 हजार रुपए की लागत से जल घर का नवीनीकरण किया जाएगा, जिससे 2687 लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने में सुविधा होगा। गांव खेदड़ में 3 करोड़ 39 लाख 60 हजार रुपए की लागत से द्वितीय जल घर का निर्माण किया जाएगा। इससे 17 हजार 797 लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि 66 लाख 35 हजार रुपए की लागत से गांव गैबीपुर तथा गांव लितानी में 55 लाख 95 हजार रुपए की लागत से नये बूस्टिंग स्टेशनों का निर्माण किया गया है।