सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जिले में सफाई का हाल खराब है। इसको लेकर प्रशासन ने प्लान बी पर काम शुरू किया है। इसकी शुरुआत शहर से की गई है। इसमें रात्रि को व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा।
इसके लिए नगर निगम की गाड़ियों को चलाने के लिए रोडवेज से प्रशासन ने 15 चालकों को निगम की गाड़ियां चलाने की जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही कई गाड़ियों में से हड़ताली कर्मचारियों ने चाबियां भी निकाल ली हैं, इसके लिए प्रशासन ने डुप्लीकेट चाबियां भी बनवा ली हैं। यही नहीं पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों से प्राइवेट जेसीबी की डिमांड भी की गई है। शहर में ही नहीं जिले में यह हालात बने हुए हैं। इसके लिए हांसी, बरवाला, अग्रोहा व अन्य क्षेत्रों में भी सफाई को लेकर रिव्यू किया जा रहा है। शहर में करीब 800 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, इसके साथ ही ग्रामीण में सफाई का अधिक प्रभाव नहीं है। प्रशासन द्वारा सफाई अभियान चलाते समय सफाई कर्मचारियों के विरोध की घटनाएं सामने आईं थी, इसको लेकर इस बार अभियान चलाते समय पुलिस की तादात अधिक रहेगी।