महिला की मौत पर बेटे और उसके दोस्त ने इमरजेंसी वार्ड में किया हंगामा, तोड़फोड़
हिसार। सिविल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में रविवार दोपहर को एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दौरान मृतका के पुत्र शंभू और इसके साथ आए विक्की ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि इन्होंने तोड़फोड़ करते हुए डॉक्टर व स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया।डॉक्टर ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद नई अनाज मंडी चौकी पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज करवा दिया है। इमरजेंसी वार्ड में तैनात मेडिकल ऑफिसर डाॅ. संजीव सामरिया ने बताया कि महिला अस्वस्थ थी। इस वजह उसकी मृत्यु हो गई थी। उसका बेटा शंभू व इसका दोस्त विक्की भी आया था। इन्होंने बदतमीजी करनी शुरू कर दी। जब विरोध किया तो उनके साथ-साथ महिला स्टाफ से अभद्रता से पेश आने लगे। शोर मचाते हुए तोड़फोड़ की, जिन्हें काबू किया।