मंडियों से मिट्टी व दूसरी गंदगी के साथ सरकारी खरीद सेंटरों में गेहूं बेचा जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को एडीसी ने अग्रोहा अनाज मंडी व हैफेड गोदाम पर छापा मारा। यहां से गेहूं के सैंपल भरे, जिनकी जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही गोदाम में गेहूं से जुड़ी हुई गंदगी भी पकड़ी।
दरअसल अग्रोहा अनाज मंडी से मिलावट की कई शिकायतें प्रशासन को मिली थी। इसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि किसान मंडी में व्यापारी को अनाज बेचकर जाता है, इसके बाद आढ़ती इसकी सफाई कराते हैं। तब सरकारी खरीद सेंटरों को आगे अनाज बेचा जाता है।
मगर यहां पर किसानों से अनाज लेकर सीधे उठान केन्द्र को करा दिया जा रहा है। उस अनाज में पंखा लगवाकर सफाई कराई ही नहीं जा रही। यही नहीं शिकायतकर्ता का आरोप था कि हैफेड के अधिकारी इस अनाज को इसी प्रकार गोदामों में भेज देते हैं। इस आधार पर कई क्विंटल अनाज के साथ कई क्विंटल मिट्टी व गंदगी भी सप्लाई की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसी अमरजीत सिंह मान, जनपरिवाद समिति के सदस्य प्रो. मंदीप मलिक, हिसार से फूड सप्लाई अफसर, हैफेड के अधिकारी, आदमपुर कमेटी के सेक्रेटरी अनूप गढ़वाल, भाजपा नेता सोमवीर लांबा मंडी में निरीक्षण करने पहुंचे। जब मौके पर अनाज में मिट्टी व गंदगी मिली तो एडीसी ने स्थानीय अधिकारियों को फटकार भी लगाई। इस दौरान सैंपल तो भरे ही गए साथ ही रिकाॅर्ड भी चेक किया गया।
अग्रोहा मंडी में गेहूं के सैंपल भराते एडीसी एएस मान साथ में भाजपा नेता प्रो मंदीप मलिक।