पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Hoshangabad
  • मॉडल बनकर महिला से नगदी समेत 5 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार

मॉडल बनकर महिला से नगदी समेत 5 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
क्राइम रिपोर्टर | भोपाल/होशंगाबाद

एक मॉडल की फोटो का इस्तेमाल करके उसके नाम की फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर उसकी परिचित महिला से डेढ़ लाख रुपए नगदी और लगभग 12 तोला सोने के जेवरातों की ठगी करने वाले एक युवक को सायबर क्राइम पुलिस ने पुरी (उड़ीसा) से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जरूरत बताकर महिला से रुपए और जेवर हासिल किए थे। उस पर सायबर सेल ने पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। वह आठ महीने से फरार था। साइबर क्राइम एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक होशंगाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मॉडल राहुल चेलानी के नाम से मेरे साथ फेसबुक पर बातचीत कर धोखाधड़ी की है। राहुल से महिला पूर्व से परिचित थी। उक्त अज्ञात व्यक्ति ने रुपयों की जरूरत बताते हुए महिला से 1.56 लाख रुपए, 12 तोला सोना और एक मोबाइल फोन हासिल कर लिया। जब महिला के पति ने राहुल से संपर्क किया तो उसने बताया कि किसी ने मेरे नाम का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी की है। सायबर सेल ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी औैर आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

पति ने राहुल किया संपर्क तब हुआ खुलासा

महिला ने पति को बताया कि कैसे राहुल ने पैसों की जरूरत बताकर उससे रुपए लिए हैं। पति ने राहुल से संपर्क किया तब उसने बताया कि वह मुंबई में है। उसने किसी भी माध्यम से और किसी भी व्यक्ति से कोई पैसा नहीं लिया है। किसी ने आपके साथ मेरा नाम लेकर फ्राॅड किया है। साइबर क्राइम पुलिस ने छानबीन की तो खुलासा हुआ कि ग्राम प्रहलादपुर, कानपुर निवासी मनोज सिंह नायक (29) नामक युवक ने फर्जी प्रोफाइल तैयार की थी। उसके घर 3 बार दबिश दी गई। उसे सायबर क्राइम पुलिस ने पुरी (उड़ीसा) से गिरफ्तार किया है।

महिला को हो गया था भरोसा कि राहुल से ही हो रही चेट

आरोपी ने इटारसी निवासी मॉडल राहुल की फोटो का इस्तेमाल करके फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई थी। आरोपी ने राहुल की परिचित महिला से फेसबुक पर दोस्ती की। मोबाइल नंबर सांझा करने के बाद वाॅट्सएप पर चेट भी की और भरोसा दिलाया कि वह राहुल ही है। एक दिन आरोपी ने व्यक्तिगत समस्या जाहिर करते हुए महिला से कुछ रुपए मांगे। उसने रुपए एक महीने बाद वापस करने का वादा किया। कुछ दिन बाद फिर कुछ और रुपए मांगने पर महिला ने आरोपी के बताए हुए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने कहा कि अभी उसे और पैसों की जरूरत है, नहीं तो पुराना पैसा भी डूब जाएगा। महिला ने उसे बताया कि उसके पास 12 तोला सोने के जेवर ही हैं। इस बात पर आरोपी ने कहा कि वह खुद नहीं आ सकता, लेकिन एक लड़के को होशंगाबाद भेज रहा हूं। उसका वॉट्सएप नंबर महिला को यह कहते हुए दिया कि वह बोल नहीं सकता है। चेटिंग के माध्यम से बात कर सकता है। 8 जुलाई 2017 को युवक होशंगाबाद पहुंचा और महिला से मिलकर 12 तोला सोने के आभूषण और एक मोबाइल भी ले लिया। महिला से लगभग पांच लाख रुपए की ठगी करने के बाद आरोपी ने मोबाइल नंबर बंद कर दिए थे।

खबरें और भी हैं...