पानी की कमी से 25 हजार हेक्टेयर में हुई मूंग की बोवनी, इस साल घट गया रकबा
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
किसानों के लिए लाभ पहुंचाने वाली सीजन की तीसरी फसल इस बार पानी की कमी के चलते कम बोवनी की गई है। पानी के कारण जिले में मूंग की बोवनी का रकबा पिछले साल की तुलना में घट गया है। इस साल मूंग के लिए किसानों को अपने संसाधनों से पानी की व्यवस्था करनी होगी। किसानों ने 25 हजार हेक्टेयर रकबे में मूंग की बोवनी की है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में बहुत कम है। पिछले साल जिले में 1 लाख 10 हजार हेक्टेयर भूमि पर मूंग की फसल लगाई गई थी। इस बार 10 से 12 हजार किसानों ने ही फसल बोवनी की। कृषि विभाग के उपसंचालक जितेंद्र सिंह ने बताया तीसरी फसल का रकबा घटा है, पानी के कारण किसानों ने मूंग की बोवनी नहीं की है। कुछ किसान बोवनी कर रहे हैं। किसानों के सामने अब अपने ट्यूबवेल से सिंचाई कर फसल पैदावार करने की चुनौती है। किसानों की माने तो बिजली अभी 9 घंटे मिल रही है। जबकि रात और दिन की शिफ्ट में 10 घंटे बिजली प्रदाय कंपनी को करना है। 1 घंटे की कटौती होने से किसानों को परेशानी हो रही है। आगराकलां के किसान उमेश शर्मा ने 20 एकड़ में मूंग फसल बोवनी की है।