पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Hoshangabad
  • बांद्राभान, रायपुर में 20% रेट कम होंगे, ग्रामीण 80% कराने पर अड़े

बांद्राभान, रायपुर में 20% रेट कम होंगे, ग्रामीण 80% कराने पर अड़े

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद

एक जून से लागू होने वाली गाइडलाइन में बांद्राभान, रायपुर में जमीन के 20 प्रतिशत तक दाम कम होंगे। किसान और ग्रामीण गाइडलाइन के विरोध में खुलकर सामने आ गए हैं। ग्रामीण रायपुर और बांद्राभान में गाइडलाइन सिर्फ 20 लाख रुपए हेक्टेयर करने की मांग कर रहे हैं। अभी वहां 1.10 करोड़ रुपए हेक्टेयर है। प्रशासन 20 प्रतिशत रेट कम करना चाहता है लेकिन किसानों की जिद है 80 प्रतिशत तक गाइडलाइन कम की जाए। गाइडलाइन कम नहीं होने से किसानों की जमीन नहीं बिक पा रही है। टैक्स अधिक लगने से खरीदार नहीं मिल रहे।

शुक्रवार को किसानों ने प्रशासन से दो टूक कहा गाइडलाइन कम नहीं हुई तो विरोध करेंगे। नई गाइड लाइन में शहर में भी 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो रही है। गाइड लाइन को लेकर 21 मई को बैठक होगी। इसमें होशंगाबाद शहर और सटे हुए गांवों की जमीन की गाइड लाइन के रेट तय होंगे।

शहर में बढ़ेंगे 2 से 5 प्रतिशत रेट

नई गाइड लाइन में शहर में भी 2 से 5 प्रतिशत तक रेट बढ़ेंगे। अभी 1022 रुपए गाइड लाइन है। इसमें यदि 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है करीब 1100 रुपए गाइड लाइन हो जाएगी। ये एरिया मालाखेड़ी, बाबई रोड, हरदा बायपास सहित विकसित कालोनियों के हैं। जिन जगहों पर 700 से 800 रुपए की गाइड लाइन है वहां पर 50 रुपए ज्यादा बढ़ जाएंगे।

इसलिए अड़े हैं किसान

किसानों का कहना है रायपुर, बांद्राभान, धानाबड़ सहित आसपास के गांव डूब क्षेत्र में आते हैं। तवा और नर्मदा होने से दिक्कतें हैं। यहां पर जमीन महंगी नहीं बिकती है। कम दाम पर जमीन बेचना पड़ता है। जितना हमें नहीं मिलता उससे ज्यादा गाइड लाइन के लिए स्टांप पर देना होता है।

ऐसे समझें नए रेट

मान लीजिए अभी एक हजार वर्गफीट के प्लाट की कीमत 10 लाख रुपए है तो इसमें 1 लाख 10 हजार रुपए खर्च हो रहे हैं। अब यदि 5 प्रतिशत रेट बढ़ता है तो एक लाख 15 हजार रुपए खर्च आएगा।

21 मई को मीटिंग

1 जून से गाइड लाइन बढ़ेगी। 2 से 5 प्रतिशत तक शहर में रेट होंगे। बांद्राभान और रायपुर में 20 प्रतिशत कम किए जा रहे हैं। 21 मई की मीटिंग में अंतिम निर्णय होगा। डॉ. अमरीश नायडू, जिला पंजीयक

गाइडलाइन का ज्यादा विरोध

गाइड लाइन के प्रस्ताव में सबसे ज्यादा विरोध होशंगाबाद से सटे गांव रायपुर और बांद्राभान में सबसे ज्यादा विरोध हो रहा है। रायपुर, बांद्राभान में अभी 1 करोड़ 10 लाख रुपए प्रति हेक्टेयर की गाइडलाइन है। यदि कोई एक हेक्टेयर की जमीन लेता है तो उस पर 7.5% स्टांप ड्यूटी लगेगी। यानी 7.50 लाख के स्टांप लगाना होगा। प्रशासन ने 20 प्रतिशत कम करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इतना यदि कम होता है तो 88 लाख रुपए प्रति हेक्टेयर गाइड लाइन हो जाएगी लेकिन किसानों का कहना है कि 88 लाख की जगह सिर्फ 20 लाख रुपए हेक्टेयर ही गाइड लाइन रहने दी जाए।

खबरें और भी हैं...