भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
पचमढ़ी में पर्यटकों के लिए फिलहाल न ताे रेल सुविधा है और न हवाई सुविधा। पचमढ़ी पहुंचने के लिए सड़क मार्ग का ही सहारा है। पचमढ़ी में कच्ची हवाई पट्टी है, जहां केवल हेलिकाॅप्टर और चार्टर प्लेन ही लैंड हो सकते हैं। पर्यटकों की सुविधा काे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने हवाई पट्टी निर्माण की अनुमति शासन से मांगी है।
इसके लिए 4.82 करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। हवाई पट्टी 1:30 किमी लंबी होगी। इसके निर्माण के बाद बड़े हवाई जहाज लैंड हो सकेंगे। पचमढ़ी में विदेशी और राज्य से बाहर के पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। भोपाल से हवाई मार्ग से केवल 30 मिनट में पचमढ़ी पहुंच पाएंगे। पिपरिया एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी ने बताया हवाई पट्टी की सैद्धांतिक अनुमति के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा है। निश्चित ही हवाई पट्टी बनने के बाद पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। फिलहाल कुछ भी तय नहीं है अनुमति मिलने के बाद ही काम शुरू होगा।
यहां होगा लाभ:
समय की बचत होगी
विदेशी पर्यटक बढ़ेंगे
चार्टर प्लेन के मुकाबले कम किराया लगेगा
स्थानीय व्यापार में वृद्धि होगी