इटारसी | समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र पर फफूंद और कचरे वाला गेहूं खरीदा गया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब सोमवार को 500 बोरियों से भरे गेहूं के ट्रक को वेयरहाउस में अनलोडिंग होने के बजाय वापस भेज दिया गया। अमानक गेहूं की पोल खुलने पर खरीदी केंद्र के जिम्मेदार बारिश के कारण फफूूंद लगने की बात कह रहे हैं। गेहूं में कीड़े भी रेंग रहे हैं। मामला सामने आने के बाद भी शाम तक सोसायटी, नान, फूड विभाग के अधिकारी मंडी केंद्र पर नहीं पहुंचे। ट्रक में 500 बोरी गेहूं भरा है। जो 250 क्विंटल है। कीमत करीब 5 लाख रुपए है। मंडी में सहकारी सोसाइटी घाटली का केंद्र है। सोमवार को ट्रक सीजी 04 ई 2013 में 500 बोरी गेहूं भरकर होशंगाबाद रोड स्थित अभिषेक वेयर हाउस पर अनलोडिंग के लिए भेजा गया। यहां बड़े कांटे पर तुलाई के बाद वेयर हाउस के सुपरवाइजर पंकज सोलंकी ने दो बोरियों से सैंपल के लिए गेहूं निकाला। गेहूं में फफूंद व कचरा दिखा। अन्य बोरियाें भी वैसा ही गेहूं मिला। सुपरवाइजर ने वेयरहाउस के मालिक अंकुर अग्रवाल को कॉल कर अमानक गेहूं के बारे में बताया। तब ट्रक को समर्थन मूल्य केंद्र मंडी भेज दिया गया। सेवा सहकारी सोसाइटी घाटली सहायक प्रबंधक एहसान खान ने बताया पुराना गेहूं नहीं खरीदा है। साफ कर दोबारा वेयर हाउस पर गेहूं दिया जाएगा। एसडीएम आरएस बघेल ने बताया अमानक व फफूंद वाला गेहूं खरीदा गया है तो गलत है।
ऐसा हुआ है तो मामले जांच कराएंगे। लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।