पढ़ा-लिखा नहीं था किसान, धोखा कर चार एकड़ जमीन पर करा लिया ट्रैक्टर फाइनेंस
भास्कर संवाददाता| होशंगाबाद
सिवनीमालवा तहसील के गोटावर्री के किसान शिवप्रसाद पित रामदयाल की 4 एकड़ सिंचित जमीन पर ठगी कर मानापाट के युवक ने ट्रैक्टर फाइनेंस करा लिया। किसान के घर बैंक वाले ट्रैक्टर की किश्त लेने पहुंचे तब किसान को यह पता चला कि उसकी जमीन पर ट्रैक्टर फाइनेंस कराया है। किसान शिवप्रसाद पिता रामदयाल ने बताया मानापाट के श्रवण लौवंशी ने उससे कहा केसीसी बनावा देते हैं। 4 एकड़ जमीन पर रुपया मिल जाएगा। अनपढ़ किसान शिवप्रसाद को दस्तखत करने की प्रेक्टिस कराई। वह दस्तखत करने लगा तब उसके केसीसी बनाए जाने के नाम पर श्रवण ने किसान से कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। करीब 10 माह पहले बैंक के लोग शिवप्रसाद से ट्रैक्टर की किश्त लेने पहुंचे तब उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हुई। शिवप्रसाद ने वकील ओपी शर्मा को मामले की जानकारी दी तब उन्होंने शिवप्रसाद के नाम पर आइशर कंपनी का ट्रैक्टर (एमपी05 एएच 5715) का पंजीयन पाया। फरवरी 2018 में जनसुनवाई में शिकायत की थी।
मालाखेड़ी की दिव्यांग रेलवे स्टेशन पर गुजार दिन-रात
घरों के ऊपर से हाइटेंशन लाइन हटाने की मांग
इटारसी स्थित शुभ रेसीडेंसी कालोनी में तकरीबन 30 से अधिक परिवार निवास करते हैं। कालोनी वासी परसुख अहिरवार ने जनसुनवाई में कलोनाइज़र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। घर व कुछ अन्य लोगों के घराें के छत से केवल 4 फीट की उंचाई पर से 11 केवी की हाइटेंशन लाइन निकली है जिससे उनके परिवार को जान का खतरा है। बिल्डर ने पार्क में बैंच, नाली, गार्ड आदि उपलब्ध नहीं कराए हैं। ट्यूबवेल 8 दिनों से खराब है।
विकलांग महिला ने की रोजगार दिलाने की मांग
मालाखेड़ी निवासी 26 वर्षीय विकलांग ममता यादव ने कलेक्टर से रोजगार व आश्रय दिलाने की मांग की। ममता ने बताया माता - पिता के साथ रह रही थी, लेकिन अब वह उनपर बोझ नहीं बनना चाहती है। हायर सेकंडरी पास है। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। रहने के लिए घर नहीं है इसलिए स्टेशन परिसर में रात का ठिकाना बना रखा है।
गोटीखेड़ा में बिना अनुमति जमीन पर बना रहे सड़क
सोहागपुर तहसील के गोटीखेड़ा के निवासी गोविंद दुबे ने जनसुनवाई में शिकायत कर बताया उनकी जमीन से गोटी खेड़ा में बनाई जा रोड का निर्माण बिना अनुमति के कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि रोड बनाए पर खेत के किनारे से बनाएं उनके खेत के बीच से रोड बन रहा है जिससे उनकी जमीन दो भागों में बंट जाएगी और खेती करने में परेशानी होगी।
गांव में 3 महीने से बिजली नहीं
इटारसी के चिल्लई गुर्रा निवासी शुभम चौरे ने शिकायत कर बताया कि उनके गांव में तीन महीनेे से बिजली नहीं है। इसकी शिकायत विभागीय स्तर पर करने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई।
बस स्टैंड के पास कीमती जमीन पर
अतिक्रमण हटाने की मांग
नगर की नजूल सीट क्रमांक 43 सिविल स्टेशन के प्लाट क्रमांक 15/1 की भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाकर जनसुनवाई में शिकायत की गई है। वीरेंद्र यादव के मुताबिक एनईएस संस्था की आड़ में प्लाॅट 15/1 पर अतिक्रमण कर पंडित रामलाल शर्मा के नाम से स्कूल एवं प्लाॅट की भूमि पर कई दुकानों का संचालन कर स्थल का व्यवसायिक उपयोग हो रहा है। आजादी के पहले यह प्लाॅट हिंदी स्कूल म्यूनिसिपल के नाम से दर्ज था। कुल रकबा 2 लाख 47 हजार 500 वर्गफीट था। 1950 - 51 में दो भागों में हिंदी स्कूल व इंग्लिश स्कूल के बांट दिय। इसके बाद 15/1 का दूसरा उप प्लाॅट 15/3 188100 वर्गफीट था जो कि न्यू इंग्लिश हाई स्कूल के नाम से रहा, जिसमें प्ले ग्राउंड, हॉस्टल थे। जिसे अब एसएनजी ग्राउंड के नाम से जाना जाता है। एनईएस समिति के पीयूष शर्मा ने बताया 1954 से उक्त जमीन एनईएस के नाम है। पहले शिक्षक निवास थे। 1974 में कांग्रेस ने इसे टेकओवर कर लिया था। 1981 में सोसायटी ने न्यायालय से केश जीता और तब से इसका स्वामित्व सोसायटी के पास है। हम निरंतर प्रापर्टी टैक्स दे रहे हैं।