हड़ताल से आजीविका को आवेदन देने आई दिव्यांग, लौटी खाली हाथ
भास्कर संवाददाता| होशंगाबाद
23 सूत्रीय मांगों को लेकर शासकीय लिपिक वर्गीय कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण कलेक्टोरेट सहित कई शासकीय विभागों में कामकाज प्रभावित रहे। कलेक्टोरेट में कलेक्टर अविनाश लवानिया के नाम आवेदन देने पहुंची मालाखेड़ी निवासी 26 वर्षीय विकलांग ममता यादव को लंबे इंतजार के बाद बिना आवेदन दिए ही घर लौटना पड़ा। सभी बाबुओं के छुट्टी पर होने की वजह से आवक - जावक शाखा में भी ताला लगा है।
ऐसे में ममता का आवेदन लेने वाला भी कोई नहीं था। ममता ने बताया वह हायर सेकंडरी पास है व बेरोजगार है। उसे आजीविका के लिए शासन से मदद चाहिए। जिसके लिए वह मालाखेड़ी में शासकीय स्कूल के पास स्थित अपने निवास से कलेक्टोरेट पहुंची थी। लेकिन उन्हें लंबे इंतजार के बाद वापस लौटना पड़ा।