आज नए आरटीओ कार्यालय के पास मैदान में खड़ी होगी गेहूं से भरी ट्राॅलियां
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
अवकाश के कारण दो दिनों से बंद कृषि उपज मंडियों में सोमवार से गेहूं और चने की खरीदी होगी। सोमवार को एक साथ आवक बढ़ने और परशुराम जन्मोत्सव के लिए वाहन रैली निकलेगी। मंडी के पास जाम नहीं लगे इसलिए मंडी आने वाली ट्रॉलियों को नए आरटीओ कार्यालय के पास खड़ा किया जाएगा। चने की खरीदी के लिए प्रशासन ने जिले में केंद्र बनाए हैं लेकिन मंडियों में अभी खरीदा हुआ गेहूं बिक पाया हैं। होशंगाबाद मंडी में दो समितियों का करीब 15 हजार क्विंटल गेहूं मैदान में रखा है। किसानों द्वारा बेचे गए गेहूं के बिल नहीं लेने के कारण मंडियों में गेहूं विक्रय नहीं हो पाया है। ऐसे में किसान गेहूं और चना बेचने आए तो रखने की व्यवस्था ही नहीं है। रविवार शाम तक मंडी में 80 ट्रॉली लगी थी। नियंत्रक बीएस तोमर ने बताया खरीदी के लिए पर्याप्त जगह है। यातायात प्रभारी देवी सिंह खंडाते ने बताया साेमवार से ट्रैक्टर ट्रॉली नए आरटीओ कार्यालय के मैदान में व्यवस्था बनाई है। जाम से निपटने के लिए यह व्यवस्था बनाई है।
9 केंद्रों पर होगी चना खरीदी
चना बेचने के लिए जिले के 16 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। इस बार 77 हजार हेक्टेयर में बोवनी की। किसान जिले में 9 केंद्रों पर चना बेच सकते हैं। पिपरिया, बानापुरा , इटारसी, बाबई, बनखेड़ी, होशंगाबाद में खरीदी केंद्र बनाए हैं।