भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
शहर में हर दिन मेंटेनेंस के बाद भी बार-बार गुल हो रही बिजली का कंपनी पक्का इंतजाम करेगी। हवा से खुले तारों के हिलने से फॉल्ट आते हैं। इससे बिजली गुल होती है। अब बिजली कंपनी 22 नए ट्रांसफार्मर लगाएगी और शहर में खुले तारों की जगह केबल लगेगी।
बिजली कंपनी ने इसकी तैयारी कर ली है। अभी ट्रांसफार्मर कमजोर होने और तारों के टकराने के कारण बार-बार फाॅल्ट आ रहे हैं। इसलिए कंपनी यह कदम उठा रही है। हाल ही बिजली जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गर्मी आते ही शहर में बिजली की दिक्कतें होने लगती है। बिजली की खपत बढ़ते ही यहां के उपकरण जबाव देने लगते हैं। इसमें इसमें ट्रांसफार्मर फेल हो जाते हैं और तारों भी दिक्कतें होती हैं। इसी समय आंधी चलती है, तो ढीले तार आपस में टकरा जाते हैं। इस कारण बार-बार कई जगहों की बिजली चली जाती है। बिजली जाने के बाद उसके फाॅल्ट सुधारने और बिजली सप्लाई करने में कई बार समय लग जाता है। कुछ दिन पहले चली तेज हवा के कारण रेलवे स्टेशन के पास तार टूट गए थे। साथ ही देवामाई समाधि के पास भी फाल्ट आ गया था। इससे आध शहर में कई घंटे तक अंधेेरे में रहा था। अब इन समस्या को सुधारने के लिए यह काम किया जा रहा है। बिजली कंपनी के डीई समीर शर्मा ने बताया कि शहर में बिजली सप्लाई सुधारने के लिए 22 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। इनका काम इसी सप्ताह शुरू हो जाएगा। जो पुराने हो चुके हैं उन्हें भी अपडेट करेंगे। शहर में जहां खुले तार हैं वहां केबल डाली जाएगी। इससे बार-बार बिजली जाने की समस्या नहीं होगी।
बिजली की बात
ट्रांसफार्मर कमजोर होने और तारों के टकराने के कारण बार-बार फाॅल्ट आ रहे, गुल हो रही बिजली
हर माह 1500 यूनिट से ज्यादा बिजली जला रहे हम
आम दिनों में हर माह करीब 1500 यूनिट बिजली की खपत होती है। गर्मी आते ही इसकी खपत बढ़ गई है। अप्रैल में यह खपत 1700 हो गई है। इस माह तो यह और बढ़ गई है। 17 मई तक खपत 1750 यूनिट अभी तक हो चुकी है। अभी एक माह में यह 1800 करोड़ यूनिट हो जाएगी। बारिश में हवा चलने और बारिश होने से भी बार-बार बिजली गुल हो जाती है।