होशियारपुर | गुरदासपुर के कीड़ी अफगाना में शुगर मिल द्वारा दूषित की गई ब्यास नदी के मामले को गंभीर पर्यावरण हादसा करार देते केंद्रीय मंत्री अौर सांसद विजय सांपला ने केंद्र के नोटिस में लाकर कार्रवाई की मांग रखने की बात कही है। सांपला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सारे मामले में सरकार की तरफ से अब तक की गई कार्रवाई को दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में जिन अफसरों की जिम्मेदारी बनती थी, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, सिर्फ मिल का काम कुछ दिन रोकने की बयानबाजी कर मामले को समेटने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि मिल की इस लापरवाही से हजारों जलचर तो मरे ही हैं, साथ ही पंजाब के दूर-दराज के इलाकों तक में शीरा युक्त पानी खेतों को मिलने वाले पानी में मिलना शुरू हो गया है, जिसका असर खेती पर भी पड़ेगा। दिल्ली से आए सरना बंधुओं का पंजाब के पर्यावरण मंत्री से मिलना व उसके बाद अब तक न तो शुगर मिल मालिकों पर कोई कार्रवाई होना व न ही इस पर्यावरण हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होना साफ दर्शाता है कि पंजाब सरकार सरना बंधुओं के दबाव में है। वह इस पर्यावरण हादसे की सारी जानकारी केंद्रीय पर्यावरण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को देंगे व उनसे मामले में हस्तक्षेप कर जांच की मांग रखेंगे।
कीड़ी अफगाना में शूगर मिल पर्यावरण हादसा मामला