पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • विकास के लिए निगम ने निकाले 10.76 करोड़ के टेंडर, समय पर ग्रांट नहीं मिली तो बारिश के कारण अक्टूबर तक लटकेगा काम

विकास के लिए निगम ने निकाले 10.76 करोड़ के टेंडर, समय पर ग्रांट नहीं मिली तो बारिश के कारण अक्टूबर तक लटकेगा काम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर निगम होशियारपुर राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व में बनी पंजाब सरकार और शहरी विकास मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के रहमोकरम पर टिका है। पिछले एक साल से अनुदान और विकास राशि न मिलने की वजह से विकास कार्य शुरू नहीं हो पाए और जनता को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। भाजपा-अकाली पार्षदों के नेतृत्व वाली नगर निगम होशियारपुर ने 46 दिन पहले 27 फरवरी को 61 करोड़ रुपए का बजट पारित किया था परंतु अभी तक सरकार की ओर से एक धेला भी नहीं मिला है। बावजूद इसके शहर के विकास के लिए नगर निगम होशियारपुर ने तीन अलग-अलग टेंडरों के माध्यम से 1076.93 लाख रुपए (करीब 10.76 करोड़) के टेंडर निकाले हैं जिसकी प्रक्रिया 20 अप्रैल को पूरी होनी है। हैरानी की बात है कि नगर निगम की ओर से पारित बजट को मंजूरी मिलने के अभी कोई आसार नहीं दिख रहे।

पहले ही 50 वार्डों में एक साल से लटके हैं रिपेयर के काम
बजट में सड़कों के लिए सिर्फ 24 लाख
शहर की सड़कों की सालाना रिपेयर के लिए नगर निगम ने सिर्फ 24 लाख 11 हजार रुपए टेंडर में रखे हैं जबकि कई प्रमुख सड़कों की हालत खस्ता है। शहर के भंगी चो से शिमला पहाड़ी होते चंडीगढ़ रोड, शहर की अंदरूनी सड़कों और पॉश इलाकों में कई स्थानों पर सड़कों का बुरा हाल है जहां अब पैच वर्क भी उखड़ना शुरू हो गया है। हालांकि शहर में अन्य छोटे मोटे विकास कार्यों के लिए भी 5 लाख 30 हजार की राशि टेंडर में रखी है। इन विकास कामों के लिए 27 फरवरी 2018 की बजट बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया था।

शहर के 50 वार्डों में रिपेयर के काम करवाने के लिए नगर निगम होशियारपुर ने टेंडर निकाले हैं। शहर के वार्डों में रिपेयर के विकास कार्य करवाने के लिए 50 लाख रुपए और कुछ अन्य छोटे-मोटे कामों के लिए 18.54 लाख के टेंडर निकाले हैं। 50 वार्डों के काम को मिला कर 68.54 लाख रुपए के काम निकाले हैं। वार्डों में रिपेयर के काम के लिए पिछले साल नगर निगम ने मई 2017 में हाउस की बैठक में प्रस्ताव पारित कर रिपेयर के कामों को भी मंजूरी दी थी। राज्य सरकार की ओर से अनुदान न मिलने की वजह से यह काम नहीं हो सके और अब इनका दोबारा टेंडर निकाला गया है।

अंदरूनी सड़कें-गलियां संवारने की कवायद
1005.70 लाख रुपए के निकाले गए टेंडर के लिए 56 कामों के तहत शहर की अंदरूनी गलियों, सड़कों में मैटल वर्क और इंटरलॉक टाइल लगाने के लिए 5 करोड़ 95 लाख 26 हजार का टेंडर निकाला गया है लेकिन यह सभी विकास कार्य तभी संभव हो पाएंगे जब सरकार नगर निगम की ओर से पारित बजट को मंजूर कर ग्रांट भेजेगी। इसके अलावा एक अन्य टेंडर में 2.69 लाख रुपए की लागत से गलियों, नालियों, सड़कों पर कैटस आई और रिपेयर के 11 काम करवाए जाने हैं।

सिंगल टेंडर से लटके बड़े काम| शहर में बने रैन बसेरा के ऊपर दूसरा तल बनाने के लिए पिछले साल 25 लाख के टेंडर निकाले थे परंतु सिंगल टेंडर आने की वजह से काम लटका हुआ है। रैन बसेरों को चालू करवाने के लिए केयर टेकर भी नहीं मिल पाया। पीने के पानी की सप्लाई के लिए 16 लाख 38 हजार रुपए के सबमर्सिबल पंप खरीदने का कई बार री-टेंडर हो चुका है।

अटकेगा काम | नगर निगम के बजट को अगर राज्य सरकार की मंजूरी नहीं मिली तो इस सारी प्रक्रिया को दोबारा से री-टेंडर करना पड़ेगा। टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने में महीने भर का समय लग जाता है और ऐसे में अगर मई में दोबारा टेंडर निकाले जाते हैं तो जून के अंत में मानसून के चलते सड़कों और गलियों-नालियों के रिपेयर के काम लटक जाएंगे और अक्टूबर में जाकर काम हो पाएगा।

उम्मीद है सरकार ग्रांट जल्द जारी करेगी : मेयर
नगर निगम होशियारपुर के मेयर शिव सूद ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार पारित बजट की ग्रांट को जारी कर देगी। अगर देरी से ग्रांट जारी होती है तो विकास और रिपेयर के कामों पर असर पड़ेगा। नगर निगम के अफसरों ने सरकार के समक्ष मामला उठाया है परन्तु अभी तक ग्रांट जारी नहीं हुई। कुछ विकास के काम सिंगल टेंडर की वजह से लटक रहे हैं। अब यह सरकार पर निर्भर करता है कि पारित बजट की ग्रांट वह कब जारी करती है।

खबरें और भी हैं...