खरमास खत्म, आज से शुरू होंगे शुभ कार्य
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
सूर्य मेष राशि में प्रवेश करेगा। इसके साथ ही खरमास का समापन होगा और 15 अप्रैल से मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे। 14 मार्च से मांगलिक कार्य नहीं हो रहे थे। विवाह, वास्तु पूजन, मुंडन संस्कार सहित अन्य कामों पर प्रतिबंध था। अब 22 जुलाई तक वैवाहिक कार्य होंगे। इसके बाद 23 जुलाई को देवशयनी एकादशी से 19 नवंबर देवउठनी एकादशी तक विवाह कार्य बंद रहेंगे। यानी 15 अप्रैल से 22 मई तक 98 दिन तक विवाह के मुहूर्त रहेंगे। पंडित अनिल शर्मा ने बताया 14 मार्च से 15 अप्रैल तक विवाह, वास्तु पूजन, मुंडन संस्कार आदि कर्म खरमास के कारण बंद थे। अब 15 अप्रैल को खरमास समाप्त होते ही मंगल कार्य शुरू होंगे।
पैलेस और बैंड की होने लगी बुकिंग : विवाह की तिथियां नजदीक आते ही टैंट और बैंड की बुकिंग भी होने लगी है। टैंट वालों के पास शादी. विवाह की बुकिंग पहुंचने लगी है। अक्षय तृतीया के बाद अधिक शादियां हैं। वहीं मैरिज पैलेस वालों के पास दो महीने पहले से विवाह की बुकिंग पहुंचने लगी है। परिवार के लोग बैंड की बुकिंग करने पहुंच रहे हैं। 17 से 30 अप्रैल तक विवाह के अधिक मुहूर्त हैं।