खेत में शौच गए 6 साल के बच्चे को 4 आवारा कुत्तों ने नोचा
होशियारपुर | गांव हंदोवाल के पास झुग्गी में रहने वाले प्रवासी मजदूर परिवार के छह साला बच्चे को खेतों में चार आवारा कुत्तों ने बुरी तरह से नोच डाला। गंभीर जख्मी बच्चे को इलाज के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर में दाखिल करवाया गया है। यहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार होशियारपुर-चंडीगढ़ रोड पर गांव हंदोवाल के पास झुग्गी में रहते नेने लाल का छह साल का बेटा करन सुबह 6 बजे शौच के लिए पास ही खेतों में गया था। वहां इकट्ठा चार कुत्तों ने करन पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को इतनी बुरी तरह से काटकर जख्मी कर दिया कि बच्चा मौके पर ही लहू-लुहान होकर बेहोश होकर गिर पड़ा। कुत्तों ने बच्चे का सिर, बाजू, टांगें और हाथ बुरी तरह से नोच डाले। सिविल अस्पताल में जख्मी बच्चे के पिता नेने लाल और दादी ओमवती ने बताया कि वह पिछले 12-13 साल से गांव हंदोवाल के पास और परिवारों के साथ झुग्गियों में रह रहे हैं। मूल रूप से वह उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं।