जातिसूचक शब्द लिखे पोस्टर फेंकने के आरोप में अज्ञात पर केस दर्ज
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति की ओर से होशियारपुर के मोहल्ला रहीमपुर में देर रात जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसको पोस्टर पर छापकर मोहल्ले के आसपास फेंकने और जाति हिंसा भड़काने के आरोप में अज्ञात व्यक्ति विरुद्ध केस दर्ज किया है।
थाना मॉडल टाउन के एसएचओ नरिंदर ने बताया कि 16 अप्रैल को होशियारपुर के मोहल्ला रहीमपुर के निवासी हरविंदर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि मोहल्ला रहीमपुर में कुछ अज्ञात लोगों ने ऐसे पोस्टर फेंके हैं जिन पर जातिसूचक शब्द लिख हुए हैं। ऐसा करके यह लोगों में हिंसा भड़काने की कोशिश की गई है। एसएचओ नरिंदर ने बताया कि पुलिस पार्टी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और सभी पोस्टरों को कब्जे में ले लिया गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 295-ए के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।