भास्कर संवाददाता|मुकेरियां/हाजीपुर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मुकेरियां पहुंचने पर श्वेत मलिक का भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान द्रीय मंत्री विजय सांपला, संगठन मंत्री दिनेश विशेष रूप से शामिल हुए।
रॉयल कैसल मुकेरियां में आयोजित समागम में मलिक ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नमो आयुषमान बीमा योजना को शुरू किया है, जिससे लाखों लोगों को लाभ पहुंचना था, लेकिन पंजाब की कैप्टन सरकार ने अपना जनविरोधी चेहरा दिखाते हुए इस योजना को लागू करने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से अन्य राज्यों से कांग्रेस को मुक्त किया जा रहा है उसी तरह से पंजाब को भी कांग्रेस मुक्त किया जाएगा।
मलिक ने कहा कि जिला होशियारपुर के समूह भाजपा कार्यकर्ता अब एकजुट हैं। मलिक ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह नशा खत्म करने के वायदे पर फेल हुए हैं। वहीं, लोकल बाॅडी मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू केवल जुमलेबाजी ही करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद फिर एक बार केंद्र में मोदी सरकार बनेगी।
इस दौरान उन्होंने मुकेरियां में अपणा पंजाब पार्टी के नेता एडवोकेट राजमल चौधरी को भाजपा में शामिल करवाया लेकिन गत विस चुनाव में बागी होकर आजाद चुनाव लड़े पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जंगी लाल महाजन की वापसी पर कोई चर्चा नहीं हुई।इस अवसर पर महासचिव पंजाब भाजपा राकेश राठौर, सचिव रमेश शारदा, जिलाध्यक्ष संजीव मिन्हास, बीबी सुखजीत साही आदि मौजूद रहे।