भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
शहर के भरवाई रोड पर महेश्वरी बिरोजन एंड टर्पनटाइन बिरोजा फैक्ट्री में शनिवार को दोपहर बाद करीब 2 बजे आग लग गई। बिरोजा ज्वलनशील होने के कारण आग इतनी भीष्ण थी कि इसे बुझाने के लिए नगर निगम की 5 फायर ब्रिगेड गाड़ियों के अलावा सोनालिका, वर्धमान, आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन और जालंधर फायर ब्रिगेड स्टेशन के एक-एक गाड़ी मंगवाई गई। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को करीब साढ़े तीन घंटे का समय लगा। आग लगने का कारण फैक्ट्री की चिमनी से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। दोपहर बाद जब आंधी चलनी शुरू हुई तो चिमनी से उठी एक चिंगारी फैक्ट्री के भीतर पड़े बिरोजे पर जा गिरी। इससे आग एकदम भड़क उठी और देखते-देखते ही पूरी फैक्ट्री जल गई। आसपास के इलाके में भी जहां-जहां बिरोजा बह कर गया, वहां आग फैलती रही। नियामत रही कि आग पर काबू पाने की वजह से आसपास के रिहायशी इलाके बच गए और हवा भी जल्द धीमी हो गई। नहीं तो आग दूर तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर एसएसपी जे. ईलनचेजियन, एसडीएम जतिंदर जोरावर, डीएसपी सुखविंदर सिंह, एसएचओ सदर, सिटी और थाना माडल टाउन मौजूद थे। देखें पेज |2
बड़ा हादसा
आंधी न थमती तो भड़की आग की चपेट में आ सकता था पूरा इलाका
फैक्ट्री में कैमिकल फैला होने की वजह से आग भड़क गई जिसे बुझाने में साढ़े तीन घंटे लगे। फोटो : भारत भूषण बबलू
आग बुझाने के लिए 500 लीटर फोम लगी : एसएफओ जसवंत
दमकल विभाग होशियारपुर के एसएफओ जसवंत सिंह ने बताया कि आग इतनी भयंकर थी कि इसके लिए उनको अलग-अलग स्थानों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मंगवानी पड़ी। इस दौरान करीब 500 लीटर फोम का इस्तेमाल किया गया। इसके साथ-साथ रीलैंस फाइबर मिल होशियारपुर की तरफ से 20 सदस्यों की एक मेडिकल टीम डॉक्टर और एम्बुलेंस समेत भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि उनकी टीम में विनोद कुमार, सुभम कुमार, परमोद कुमार, पवन, ईश्वर, रवि कुमार, ओंकार सिंह, अजयपाल, रमन, रणजीत सिंह, विजय कुमार, गुरदित सिंह ने अपने फर्ज का निर्वाह पूरी तरह से किया।
बच्चे और महिला को साथ लगती वर्कशॉप वालों ने दीवार फांद बचाया
आग लगने से समय फैक्ट्री में 20-30 लोग काम पर थे, जिनमें भगदड़ मच गई। फैक्ट्री में ही बने एक कमरे में रहती महिला और चार साल के बच्चे को निकलने के लिए रास्ता नहीं मिला तो साथ बनी नानक ऑटो मोबाइल वर्कशॉप के लोगों ने दीवार फांद कर उन्हें बचाया।