भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
मेहटियाना, मनराइया सब स्टेशन से खेतीबाड़ी के लिए पर्याप्त और सुचारू बिजली सप्लाई न मिलने के विरोध में किसानों ने सोमवार को 9.30 से लेकर 12.30 बजे तक होशियारपुर-फगवाड़ा रोड पर गांव फुगलाना में रोड जाम कर प्रदर्शन किया। किसान नेता बलबीर सिंह फुगलाना और हरपाल सिंह संघा की अगुवाई में किसानों ने पावरकॉम और पंजाब सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की।
प्रदर्शन में गांव फुगलाना, मेहटियाना, मनराइया, राजपुर भईया, माना, खनौड़ा, भुंगरनी, डविंडा अहिराना, रिहाना कलां, अहिराना खुर्द के किसान शामिल हुए। बिजली विभाग के अधिकारियों ने एसडीओ सुखदेव सिंह की अगुवाई में किसानों से मांगपत्र लेकर समस्या हल करने का आश्वासन दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर तीन दिन में बिजली सप्लाई सही न हुई तो वह विधायकों को मिलेंगे और रोड जाम व प्रदर्शन करेंगे। बलबीर सिंह ने बताया कि उनको आठ घंटे की बजाय 4 घंटे बिजली दिन और रात में मिल रही और इसमें भी 10-10 मिनट बाद कट लगा दिया जाता है जिससे सिंचाई अधूरी रह जाती है। इससे सब्जी, गन्ना और मक्की की फसल बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। वह एक्सईएन को मांगपत्र से चुके हैं लेकिन हल नहीं हुआ। यहां जस्सा सिंह, मास्टर जरनैल सिंह, चरणजीत सिंह सरपंच, हरजाप सिंह मक्खन, बलबीर सिंह, अजीत सिंह, महिंदरपाल सिंह, रवि, पंच हरमेश लाल मौजूद थे।
फगवाड़ा रोड पर गांव फुगलाना में जाम लगाकर नारेबाजी करते किसान।
ये हैं मांगें :
दिन-रात बिजली की सप्लाई 6 घंटे करना, शिफ्टों का समय पक्का किया करने और चार दिन बाद शिफ्ट बदलना, फाल्ट के कारण सप्लाई कम मिले तो अगले दिन पूरी की जाए, खस्ताहाल लाइनें, ट्रांसफार्मर और स्विच तुरंत बदले जाएं या मरम्मत की जाए।