भास्कर संवाददाता|होशियारपुर
गोसेवा एवं समाजसेवा से जुड़ी संस्था नई सोच के सदस्यों ने संस्थापक अध्यक्ष अश्वनी गैंद की अगुवाई में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक को सम्मानित किया। गैंद ने गोसेवा के लिए चलाई गई योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करवाने के लिए उनसे आग्रह किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गोसेवा बोर्ड भंग हो चुका है और गत अकाली-भाजपा सरकार द्वारा गोसेवा के लिए चलाई गई सेस एकत्रित करने की योजना को भी विराम लग गया है। सरकार द्वारा गोसेवा के नाम पर इकट्ठा किए जा रहे सेस का एक भी रुपया गोसेवा पर खर्च नहीं किया जा रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मलिक ने संस्था को आश्वस्त किया कि गोसेवा के लिए इकट्ठा किए जा रहे पैसों को गोसेवा में लगाने के लिए वे प्रयास करेंगे। इसके लिए सरकार से बातचीत की जाएगी। इस अवसर पर अशोक सैनी, राजेश शर्मा, नीरज गैंद, अनूप शर्मा पादू, राजिंदर मोदगिल, वरिंदर, राजेश आदि ने उन्हें गोमाता का स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया।