24 तक मांगें न मानी तो प्लाजा से निकालेंगे गाड़ियां : यूनियन
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
कई सालों से टोल प्लाजा के करीब 350 कर्मचारियों के बकाया फंड का टोल कंपनी द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा। यह आरोप बुधवार को टोल प्लाजा दोआबा यूनियन पंजाब के प्रधान कुलविंदर लाल ने प्रेसवार्ता में लगाया। कुलविंदर लाल ने बताया कि कंपनी में लोग साल 2007 से काम कर रहे हैं और 2016 तक कर्मचारियों से 12 घंटे की शिफ्ट के हिसाब से काम लिया गया, जिससे कंपनी को एक शिफ्ट का फायदा होता रहा। जब इसका विरोध किया तो 2016 में कंपनी ने 24 घंटों को तीन शिफ्टों में बदल दिया लेकिन 2007 से 2016 तक कर्मचारियों से चार घंटे ज्यादा लिए काम की बनती रकम नहीं दी गई और कर्मचारियों के बनते फंड का भी हिसाब नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इसलिए उन्होंने जिले के सभी विधायकों को मांगपत्र भी सौंपे लेकिन कोई हल नहीं हुआ। वह करीब एक साल से लेबर कमीशन में भी गुहार लगा रहे हैं लेकिन इंसाफ नहीं मिला। उन्होंने 24 अप्रैल को मीटिंग रखी है, अगर कोई हल नहीं निकला तो इस कंपनी के पांच टोल प्लाजा मानसर, चब्बेवाल, चौलांग, मोगा और लाचोवाल के करीब 350 कर्मचारी हड़ताल करेंगे और जनता को बिना पर्ची काटे टोल प्लाजा से गाड़ियां ले जाने दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी ने उनकी जगह दूसरे लोगों को भर्ती करने की कोशिश की तो इसका विरोध किया जाएगा और कोई भी घटना होने के लिए कंपनी और प्रशासन जिम्मेदार होगा।
इस मौके कंपनी की धक्केशाही के शिकार गुरभेज सिंह ने बताया कि वह 2007 से रोड सुपरवाइजर का काम कर रहा था। उसको उसका बनता बकाया और किसी तरह का फंड नहीं दिया गया और डिमोशन करके ड्राइवर बना दिया।
इस मौके पर राजेश कुमार, गुरभेज सिंह, सुरजीत सिंह, पलविंदर सिंह, जगतार सिंह, सुखराज सिंह, सुखविंदर सिंह, अमरीक सिंह व अन्य लोग उपस्थित थे।
जानकारी देते कुलविंदर लाल, मंजीत सिंह, राजेश कुमार, गुरभेज सिंह, सुरजीत सिंह, पलविंदर सिंह और अन्य।
समझौता करवाने की करेंगे कोशिश : इकबाल सिंह
लेबर कमीशन के सहायक कमिश्नर इकबाल सिंह ने कहा कि मामला उनके पास आया है। जल्दी ही दोनों पक्षों को बिठाकर समझौता करवाने की कोशिश की जाएगी। अगर समझौता नहीं होता तो यह मामला जालंधर स्थित उनके विभाग में केस फॉरवर्ड कर दिया जाएगा।