जंगली झाड़ियों में लगी आग दमकल विभाग ने बुझाई
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
होशियारपुर के चिंतपूर्णी मार्ग पर स्थित प्राइवेट कपड़ा मिल के पीछे पड़ते चो में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे आग लग गई, जिसे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने बुझाया। अगर समय पर आग नहीं बुझाई जाती तो साथ लगते खेत में गेहूं की फसल का नुकसान हो सकता था। दमकल विभाग के कर्मचारी रवि कुमार ने बताया कि करीब तीन बजे उनको सूचना मिली कि गांव बरुटी के पास जंगलों के बीच से गुजरने वाले चो में उगी हुई जंगली झाड़ियों को आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वह अरुष सैनी और हरमिंदर सिंह सहयोगी के साथ निकल पड़े। उन्होंने समय पर पहुंच आग पर काबू पा लिया। अगर कुछ मिनटों की देरी हो जाती तो इस आग से साथ लगती गेहूं की फसल का नुकसान हो सकता था। उन्होंने कहा कि इन दिनों फसल पकी हुई है, इसलिए ऐसी कोई घटना हो तो लोग उन्हें तुरंत बताएं।