पेट्रोल व डीजल के बढ़ रहे रेटों ने जनता की कमर तोड़ी : संदीप
होशियारपुर | यूथ वेलफेयर एसोसिएशन पंजाब के अध्यक्ष संदीप सैनी ने कहा कि पैट्रोल व डीजल के रोजाना बढ़ रहे रेट आम जनता की कमर तोड़ रहे हैं। मगर बड़े दुख की बात है कि आम जनता द्वारा चुनी हुई सरकारें जो अच्छे दिन आने का वायदा करती थी, इस तरफ से अंधी, गूंगी व बहरी होकर आम जनता की लूट पर चुप्पी साधे हुए है। आज देश के मौजूदा हालात यह साबित कर रहे हैं कि देश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। संदीप सैनी ने कहा कि लोगों को अच्छे दिनों के सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई केंद्र सरकार यह बताए की उसने पिछले लगभग 4 वर्षों में जनता के कौन से अच्छे दिन दिखाए हैं। पैट्रोल व डीजल की आसमान छूती कीमतों के कारण देश में महंगाई चरम सीमा पर है। सरकार आम जनता की न होकर पूंजीपतियों की सरकार लग रही है। सैनी ने कहा कि जिस गांव का चौकीदार निकम्मा होगा उस गांव को लुटेरे तो लुटेंगे ही और यही हाल हमारे देश का हुआ है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अब भी आम जनता की हो रही दुर्दशा को रोकने के लिए नींद से जाग जाएं, नहीं तो आप के साथ भी वहीं बात होगी कि बेईमानों सिंहासन खाली करो जनता आती है।