3 साल से लापता महिला की तलाश के लिए एसएसपी ने बनाई एसआईटी
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
हरियाना निवासी एक 55 वर्षीय महिला 2015 में लापता है। पुलिस लापता की रिपोर्ट दर्ज कर महिला की तलाश कर रही थी लेकिन कोई सुराग न लगने के कारण अब इसके लिए एसएसपी जे. ईलनचेजियन ने एसआईटी गठित की है, जिसमें डीएसपी गुरजीतपाल सिंह, सीआईए स्टाफ इंचार्ज सुखविंदर सिंह और थाना हरियाना प्रभारी दिलबाग सिंह को शामिल किया गया है। थाना हरियाना के एएसआई रजिंदर सिंह ने बताया कि केशव निवासी हरियाना के बयान पर 5 सितंबर 2015 को धारा 365 के तहत मामला दर्ज किया गया था। केशव ने बताया कि उनके पड़ोसियों के साथ उनका जमीन के लेनदेन संबंधी मामला चल रहा था। एक दिन पड़ोसी बाबू दीन, कीया व उसके पुत्र रोडा और उसके तीन अन्य साथी उसकी मां कमला देवी को जबरन घर से उठा ले गए थे, जो आज तक लापता है। एएसआई ने बताया कि उस समय पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की थी और आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई थी। इस मामले में डीएसपी गुरजीत पाल सिंह की अगुवाई में सीआईए स्टाफ के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह व थाना हरियाना के प्रभारी सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह को जांच का जिम्मा सौंपा गया है।