जून तक पे-एनामली दूर करवाने का डीसी ने दिया आश्वासन
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
जिला परिषदों से शिक्षा विभाग में मर्ज हुए अध्यापकों की सीनियर-जूनियर पे-एनामली दूर करवाने के लिए जीटीयू का वफद जिला प्रधान प्रिंसिपल अमनदीप शर्मा और महासचिव सुनील शर्मा के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर विपुल उज्ज्वल से मिला। वफ्द ने डीसी होशियारपुर को बताया कि इन अध्यापकों की अक्टूबर, 2011 से अपने जूनियर अध्यापकों के साथ पे-एनामली (वेतन विसंगति) बनी हुई है। शिक्षा विभाग के डायरेक्टर (एए) पंजाब की तरफ से भी मीमो नं 04/50-2017 अमला 1 (1) के जरिए और इन अध्यापकों की तरफ से किए कोर्ट केसों का हवाला देते हुए पंजाब के समूह जिला शिक्षा अधिकारियों को 5 अक्टूबर 2017 तक यह पे-एनामली केसों का निपटारा करने के लिए कहा था। इसी के तहत जिला शिक्षा अधिकारी (एए) के मीमो नं प्रा/ले 01/17 /7934 दिनांक 14 दिसंबर 2017 के तहत जिले के सभी ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अफसरों को एक हफ्ते के अंदर जिला शिक्षा ऑफिस के जरिए डिप्टी कंट्रोलर (वित्त/लेखा) अंदरूनी पड़ताल संस्था होशियारपुर से वैध करवाने को कहा था लेकिन 6 महीने बीत जाने पर भी इन केसों का निपटारा नहीं हो सका है।
डीसी विपुल उज्ज्वल ने वफ्द को आश्वासन दिया कि वह इसी हफ्ते जिला शिक्षा ऑफिस (एए) और जिले के डिप्टी कंट्रोलर (वित्त/लेखा) अंदरूनी पड़ताल संस्था के अधिकारियों को बुलाएंगे और जून 2018 तक इस मसले को हल करवा देंगे। यहां पससफ के स्टेट प्रधान सतीश राणा, जिला प्रधान रामजी दास चौहान, विकास शर्मा, बलजीत सिंह, दविंदर धनौता, रणबीर सिंह, गुरविंदर सिंह, चंद्र प्रकाश सैनी, प्रवीन कुमार, जगमीत सिंह, ध्रुव कुमार, राकेश कठेरिया, राजन हाजिर थे।