भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
वार्ड-13 के रंभा सेठी मार्ग का काम एक साल से लटका हुआ है। पिछले साल मई महीने में जब इस सड़क का काम चल रहा था तो ठेकेदार द्वारा डाला जा रहा प्रीमिक्स घटिया क्वालिटी का होने के कारण वार्ड की भाजपा पार्षद मीनू सेठी ने जेसीबी मंगवाकर प्रीमिक्स उखाड़ दिया था।
नगर निगम ने सड़क बनाने वाले ठेकेदार को खराब मटीरियल लगाने की वजह से डी-बार कर दिया था। तब इस मामले को पार्षद ने सोशल नेटवर्क फेसबुक पर डाला था और अब एक साल बाद इसे दोबारा शेयर किया है, जिसको लेकर लोग अब सड़क बनाने के लिए संघर्ष करने की तैयारी में हैं।
पार्षद मीनू सेठी ने बताया कि इस मार्ग को लेकर वह वार्ड के लोगों के साथ नगर निगम में कई बार चक्कर लगा चुकी हैं। हर बार हाउस की मीटिंग में वह यह मामला उठाती रहीं और जल्द काम शुरू होने का आश्वासन मिलता रहा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग दो मोहल्लों को जोड़ता है इसलिए इसको बनाना बहुत जरूरी है। अगर कुछ दिन में मामले हल नहीं हुआ तो वह सड़कों पर उतर कर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे और अगर फिर भी मामला हल नहीं हुआ तो मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा की कोठी के आगे धरना दिया जाएगा।
रंभा सेठी मार्ग की ताजा तस्वीर। (दाएं) एक साल पहले चली जेसीबी के अभी भी बाकी है सड़क पर निशान। -भास्कर
एक्सईएन बोले- ठेकेदार को किया गया है डी-बार
नगर निगम के एक्सईएन सतीश सैनी ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है। उस समय जो ठेकेदार था उसको खराब मटीरियल लगाने की वजह से डी-बार कर दिया गया था। इसका प्रस्ताव हाउस में डाला गया है जिसको जल्दी प्रवानगी दे दी जाएगी। प्रवानगी के बाद निर्णय लिया जाएगा कि ठेकेदार को एक साल या दो साल के लिए नगर निगम द्वारा जारी ठेकों से बाहर रखा जाए। रंभा सेठी मार्ग को बनाने के लिए जो फंड आया था उसको कांग्रेस सरकार ने वापस मंगवा लिया था।