भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
कैटल पाउंड में रखे गए पशुओं को हरा चारा डालने के लिए बड़ी टोका मशीन की कमी काफी खली रही थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए नई सोच द्वारा डीसी विपुल उज्ज्वल से मांग की थी कि इसकी कमी को तुरंत पूरा किया जाए ताकि पशुओं को चारा डालने में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
डीसी विपुल उज्ज्वल ने तुरंत इसके लिए फंड जारी किए और नोडल अधिकारी डॉ. जगमोहन दर्दी को इसका जिम्मा सौंपा। खुशी की बात है कि बेजुबानों के दर्द को समझते हुए विभाग द्वारा कुछ ही दिनों में बड़ी चारा मशीन खरीद ली गई है। उक्त जानकारी नई सोच के संस्थापक अध्यक्ष अश्विनी गैंद ने कैटल पाउंड में अन्य जरूरतों को लेकर डॉ. दर्दी से की बैठक में कही।
इस मौके अश्विनी गैंद ने डीसी का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिस प्रकार जिलाधीश ने शिक्षा (जैसे समर्पण योजना) व अन्य सामाजिक मुद्दों को उठाते हुए उनमें पाई जा रही कमियों को दूर करने के लिए योजनाएं प्रारंभ की हैं, उसी प्रकार बेजुबानों की सेवा संभाल के लिए भी कोई योजना शुरू की जाए। अगर, डीसी ऐसा कोई प्रयास करते हैं तो नई सोच उन्हें विश्वास दिलाती है कि 50-100 रुपए प्रतिमाह के हिसाब से 100 लोगों को उसके साथ जोड़ा जाएगा तथा भविष्य में यह संख्या बढ़ाई भी जाएगी। गैंद ने कहा कि कैटल पाउंड में बीमार एवं घायल पशुओं को भी रखा जा रहा है, जोकि सड़कों पर घूमते हुए हादसों का शिकार हो जाते हैं तथा ऐसे में अधिक घायल व गंभीर जानवरों का शरीर छोड़ना आम बात है। इसलिए इसे लेकर किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए, बल्कि मदद के लिए आगे आना चाहिए और इनकी सेवा संभाल में प्रशासन को सहयोग करना चाहिए। इस मौके राष्ट्रीय हिंदू शिवसेना के अध्यक्ष कमल शर्मा कोठारी व अशोक सैनी भी मौजूद थे।
नई खरीदी गई टोका मशीन के साथ नई सोच संस्था अध्यक्ष अश्विनी गैंद व अन्य।