- Hindi News
- National
- वार्ड 24 में लोगों ने प्रदर्शन किया तो पार्षद ने एक साल पहले लगाए ट्यूबवेल को कनेक्शन देने का काम शुरू करवाया
वार्ड-24 में लोगों ने प्रदर्शन किया तो पार्षद ने एक साल पहले लगाए ट्यूबवेल को कनेक्शन देने का काम शुरू करवाया
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
वार्ड-24 के रूप नगर और गोकुल नगर में पानी की समस्या को लेकर लोगों ने खाली बाल्टियां लेकर पार्षद और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और चेतावनी दी के अगर दो दिन में समस्या का हल नहीं किया गया तो वह नगर निगम का घेराव करेंगे।
वार्ड 24 के गुरचरण सिंह, हेड मास्टर नेमी लाल, दिलजोत सिंह, बलदेव सिंह, राजनीत कौर, मंजीत सिंह, नानक सिंह ने बताया कि दो दिन से वार्ड में पीने वाले पानी की सप्लाई सही नहीं आ रही, जिससे उन्हें भारी परेशानी हो रही है।
इसके बारे में पार्षद विक्रमजीत सिंह कलसी को बताया तो उन्होंने कहा कि वह क्या कर सकता हैं, पानी का स्तर ही बहुत नीचे चला गया है।लोगों ने बताया कि हर साल इस तरह की समस्या आती और विरोध करने पर प्रशासन पानी का टैंक भेज देता है जो नाकाफी होता है।
पिछले साल पानी की समस्या को लेकर जनता ने नगर निगम परिसर में प्रदर्शन किया था और नतीजतन वार्ड में एक और ट्यूबवेल का बोर किया गया, जिसका प्रस्ताव दो साल पहले 18 अप्रैल 2016 में डाला गया था। इस मौके राजविंदर कौर, मनिंदर पाल, गुरप्रीत कौर, परमजीत कौर, सुरजीत कौर, जसविंदर कौर, सतविंदर कौर, दीपक, बलजिंदर सिंह, चरणजीत सिंह, सलिंदर सिंह, शहनाज, दलजीत सिंह, बलदेव सिंह मौजूद थे। दो दिन से लोग पानी की समस्या के हल की मांग कर रहे थे। बुधवार को जब जनता रोष में इकट्ठी होने लगी तो इसकी भनक पार्षद को लग गई। उसने जोड़तोड़ कर बिजली विभाग के अधिकारियों को एक साल पहले किए गए नए ट्यूबवेल के बोर को कनेक्शन देने के लिए बुला लिया। बुधवार को एक तरफ प्रदर्शन हो रहा था, वहीं दूसरी तरफ नए ट्यूबवेल को बिजली का कनेक्शन दिया जा रहा था।
प्रदर्शन करते हेड मास्टर नेमी लाल, दिलजोत सिंह, बलदेव सिंह, राजनीत कौर, मंजीत सिंह, सरदार नानक सिंह और अन्य।
जेई ने कहा 100 फीट से ज्यादा, जनता बोली 68 फीट की दूरी पर ही रीबोरिंग होने से ट्यूबवेल बैठा
वार्ड वासी गुरचरण सिंह ने बताया कि वार्ड में लगे पुराने ट्यूबवेल का जलस्तर गिरने लगा तो प्रशासन ने नया बोर करवा दिया। जब पुराने बोर को बंद कर नया बोर किया गया तो उसकी दूरी 100 फुट की जगह 60-70 फुट ही रखी गई जिस वजह से बोर बैठ गया और ट्यूबवेल ने पानी देना बंद कर दिया। लोगों ने इस घपलेबाजी की जांच करने की मांग की है। वहीं, इस बारे में नगर निगम के जेई अश्वनी ने कहा कि उन्होंने तो नए बोर की दूरी 100 फुट से ज्यादा रखी है। वह इस तरह के प्रोजेक्टों में कभी भी लापरवाही नहीं दिखाते।
पानी का स्तर नीचे चला गया : पार्षद
वार्ड के पार्षद विक्रमजीत सिंह कलसी ने कहा कि जमीन में पानी का स्तर नीचे चला गया है, जिस वजह से पहले से लगे हुए दो ट्यूबवेलों का पानी कम आ रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पास लोग समस्या को लेकर आए थे जिसको हल करने के लिए उन्होंने कहा था। वह पुराने ट्यूबवेलों में से एक को ठीक करवा रहे हैं। पानी का स्तर नीचे जाने से मोटरें हवा ले जाती हैं या फिर गंदा पानी निकालने लगती हैं। जो दो साल पहले नए ट्यूबवेल का प्रस्ताव पास हुआ था उसको भी कनेक्शन देकर एक-दो दिन में चालू किया जाएगा।