क्रिकेट में सीएंडबी अकादमी ने नवी क्लब ऊना को हराया
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
इंटरनेशनल क्रिकेट कोच बलराज कुमार बल्लू की देखरेख में सीएंडबी क्रिकेट अकादमी द्वारा 40 ओवर क्रिकेट मैच का आयोजन सोमवार को किया गया। इस मैच में सीएंडबी क्रिकेट अकादमी होशियारपुर का मुकाबला नवी क्रिकेट क्लब ऊना से हुआ। सीएंडबी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
नवी क्रिकेट क्लब ने बल्लेबाजी करते हुए 32.3 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए, जिसमें अहिंसा ने 97 गेंदों में 51 रन और संदीप ने 17 गेंदों में 32 रन बनाए। सीएंडबी के गेंदबाज रवि ने इसी दौरान 7-1-20-3 तथा अमृत संधू ने 6-0-24-2 के हिसाब से गेंदबाजी की। सीएंडबी ने 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 33.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन प्राप्त कर जीत दर्ज की। सीएंडबी के बल्लेबाज अमृत संधू ने 21 गेंदों में 37 रन तथा सागर ने 26 गेंदों में 30 रन बनाए। इसी दौरान नवी क्लब के गेंदबाज विक्रांत ने 4-1-16-2 तथा मियां ने 5-0-25-1 के हिसाब से गेंदबाजी की। इसी प्रकार सीएंडबी ने यह मैच 4 विकेट से जीत लिया। अमृत संधू मैन आफ दि मैच चुने गए। इस मौके क्लब अध्यक्ष भगत राम, योगेश शर्मा, चन्नण कौर, असिस्टेंट कोच चंद्रशेखर, प्रवीन, चमन लाल, रविंदर कुमार लोईया, रितु शर्मा, राज कुमार, ईशान भंडारी, अशीष माही, अजय, बलबीर सिंह मौजूद थे।
अमृत संधू मैन आफ दि मैच चुने गए, सम्मानित
मैच जीतने के बाद विजेता टीम। -भास्कर
क्रिकेट टूर्नामेंट में गणेश उत्सव कमेटी के प्रधान बॉबी ने किया शुभारंभ
हाजीपुर, दातारपुर व छोटी दलवाली ने जीते मैच
दातारपुर | स्पोर्ट्स स्टेडियम मे यूथ क्लब नमोली हार द्वारा धन धन बाबा भागी शाह मस्ताना को समर्पित सुपर सिक्स नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट की चौथी नाइट को हाजीपुर, दलवाली कलां, दातारपुर, रकड़ी हार, छोटी दलवाली, और कराडी कुल छह टीमों के मैच हुए।
इन मैचों का शुभारंभ गणेश उत्सव कमेटी के प्रधान बॉबी कौशल ने रिबन काटकर किया। उन्होंने नौजवानों से कहा कि वह समाज की बेहतरी और खुशहाली के लिए अपना ध्यान अच्छे कामों में लगाएं, ताकि सब एकजुट होकर तेजी से फैल रही सामाजिक बुराइयों को खत्म कर सकें। 6 टीमों के बीच हुए मैचों मे सबसे पहले छोटी दलवाली और कराडी टीम का मैच हुआ, जिसमें छोटी दलवाली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवरों मे चार विकेटों के नुकसान पर 62 स्कोर बनाया। इसके जवाब में कराडी टीम के खिलाड़ी 5वें ओवर मे 50 रन बनाकर ऑलआउट हो गए, इसी तरह अन्य मैचों मे दातारपुर ने दलवाली कलां और हाजीपुर ने रकड़ी हार को हराया। इस मौके राजेश महाजन, विशाल केशव, मिंटू डडवाल, शिव पठानिया, आकाश, मनदीप सिंह, प्रिंस, नसीब सिंह, मदन पठानिया, शम्मी, राहुल, कन्नू, विजय मालिया, लाडी, कपिल, सुभाष, गगन सहित भारी तादाद में लोग शामिल थे।
टूर्नामेंट की चौथी नाइट का शुभारंभ करते प्रधान बॉबी कौशल व कमेटी सदस्य।